निजी स्कूल की फीस को लेकर JDU का प्रदर्शन, DM को सौंपा ज्ञापन, जांच और कार्रवाई की मांग

Updated:
विज्ञापन

डीएम को ज्ञापन सौंपते जदयू जिलाध्यक्ष | Prabhat Khabar Network

किशनगंज में निजी स्कूलों की फीस और मनमानी के खिलाफ जनता दल (JDU) ने आवाज उठाई है. पार्टी ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सेंट जेवियर्स इंग्लिश मीडियम स्कूल पर नियमों के उल्लंघन और अत्यधिक शुल्क वसूलने का आरोप लगाया है. मामले की निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है.

विज्ञापन

Kishanganj News: किशनगंज. निजी विद्यालयों की फीस और अन्य शुल्क को लेकर एक बार फिर विवाद सामने आया है. जनता दल यूनाइटेड (JDU) के जिला नेतृत्व ने सेंट जेवियर्स इंग्लिश मीडियम स्कूल, हलीम चौक के खिलाफ जिलाधिकारी नवीन कुमार को ज्ञापन सौंपकर मनमानी शुल्क वसूली और विभिन्न नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया है. पार्टी ने पूरे मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

ज्ञापन JDU जिलाध्यक्ष फैसल अहमद के नेतृत्व में सौंपा गया. इसमें आरोप लगाया गया कि विद्यालय अभिभावकों से पुनः नामांकन शुल्क सहित कई प्रतिबंधित शुल्क वसूल रहा है, जबकि बिहार सरकार के शिक्षा विभाग के आदेश में ऐसे शुल्क लेने पर रोक का उल्लेख किया गया है.

सरकारी आदेश का हवाला देकर उठाए सवाल

JDU जिलाध्यक्ष फैसल अहमद ने ज्ञापन में कहा कि बिहार सरकार शिक्षा विभाग के आदेश संख्या 08/आरटीई 15-14/2026 के अनुसार निजी विद्यालयों का संचालन व्यवसाय के रूप में नहीं, बल्कि समाज सेवा के सिद्धांत पर होना चाहिए. उन्होंने कहा कि आदेश में यह भी उल्लेखित है कि निजी विद्यालय पुनः नामांकन और अन्य प्रतिबंधित शुल्क नहीं ले सकते.

आरोप है कि सेंट जेवियर्स इंग्लिश मीडियम स्कूल, हलीम चौक इन प्रावधानों के विपरीत अभिभावकों से लगातार ऐसे शुल्क वसूल रहा है और आर्थिक बोझ बढ़ा रहा है.

बिजली शुल्क को लेकर बड़ा आरोप

ज्ञापन में विद्यालय की शुल्क संरचना को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं. JDU ने दावा किया कि अभिभावकों द्वारा मांगी गई सूचना के अनुसार विद्यालय में कुल 2234 छात्र नामांकित हैं और प्रत्येक छात्र से सालाना 700 रुपये बिजली शुल्क लिया जाता है.

इस आधार पर कुल संग्रहित राशि 15,63,800 रुपये बताई गई है, जबकि वित्तीय वर्ष 2025-26 में विद्यालय का वार्षिक बिजली भुगतान 68,717 रुपये बताया गया. ज्ञापन में दोनों राशियों के बीच लगभग 14,95,083 रुपये के अंतर को लेकर जांच की मांग की गई है.

किताब बिक्री और बस संचालन पर भी सवाल

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि विद्यालय अप्रैल महीने में परिसर के भीतर निजी बुक स्टॉल लगाकर किताबों की बिक्री करता है. साथ ही विद्यालय की पुस्तक सूची बाहरी दुकानदारों को उपलब्ध नहीं कराई जाती, जिससे अभिभावकों के पास सीमित विकल्प रह जाते हैं.

JDU ने विद्यालय परिवहन व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं. ज्ञापन के अनुसार एक बस में लगभग 40 बच्चों को ले जाने का प्रावधान है, लेकिन विद्यालय की बसों में 60 से 70 बच्चों को बैठाकर लाने-ले जाने का कार्य किया जा रहा है.

कक्षा में अधिक छात्रों को बैठाने का भी आरोप

पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि एक कक्षा में लगभग 40 छात्रों की बैठने की व्यवस्था का मानक होने के बावजूद विद्यालय इससे अधिक बच्चों को पढ़ा रहा है. इससे छात्रों की पढ़ाई, सुरक्षा और शिक्षण गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका जताई गई है.

ज्ञापन में कहा गया कि इन सभी कारणों से अभिभावक लंबे समय से परेशान हैं और उन्हें आर्थिक एवं प्रशासनिक दोनों तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.

Kishanganj News : कानूनी कार्रवाई की मांग

JDU जिलाध्यक्ष फैसल अहमद ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर विद्यालय के खिलाफ विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो अभिभावकों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए.

फिलहाल जिला प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. आगे की कार्रवाई जांच प्रक्रिया के आधार पर तय की जाएगी.

Also Read: 11 अगस्त के बाद क्या करेंगे प्रशांत किशोर? बांकीपुर उपचुनाव में BJP क्यों हारी और RJD के लिए कैसे बढ़ा खतरा

Also Read: बिहार के 15 जिले बाढ़ प्रभावित, 2 हजार गांव हाई रिस्क जोन में, CM सम्राट ने नदियों को लेकर बताया प्लान


विज्ञापन
गौरव कुमार

लेखक के बारे में

By गौरव कुमार

गौरव कुमार प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन