भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा होगी और मजबूत, दोनों देशों के सुरक्षा बलों की अहम बैठक
भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा समन्वय बैठक में शामिल एसएसबी, एपीएफ और बिहार पुलिस के अधिकारी.
India Nepal Border Security: किशनगंज के फतेहपुर बीओपी में भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा को लेकर एसएसबी, नेपाल एपीएफ और बिहार पुलिस की संयुक्त बैठक हुई. सीमा पर निगरानी, गश्ती और अवैध गतिविधियों की रोकथाम पर चर्चा की गई.
किशनगंज से गौरव कुमार की रिपोर्ट:
India Nepal Border Security: भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 12वीं वाहिनी के अंतर्गत बीओपी फतेहपुर में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता एसएचक्यू डीसी शैलेश सिंह ने की.
मुख्य बिन्दु
बैठक में एसएसबी, नेपाल की सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) तथा बिहार पुलिस के अधिकारियों ने भाग लिया. इस दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने, आपसी समन्वय को मजबूत करने तथा सीमा पार होने वाली अवैध गतिविधियों की रोकथाम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.
संयुक्त निगरानी और सूचना साझा करने पर जोर
बैठक में अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र में संयुक्त निगरानी, नियमित गश्ती अभियान, खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान तथा संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया. अधिकारियों का कहना था कि सीमा सुरक्षा से जुड़े मामलों में विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बेहद जरूरी है.
सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि आपसी सहयोग और समन्वय के माध्यम से तस्करी, अवैध आवाजाही तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है.
सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति बनाए रखने पर चर्चा
बैठक के दौरान भारत और नेपाल की सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम रखने की आवश्यकता पर भी विशेष जोर दिया गया.
अधिकारियों ने कहा कि सीमा क्षेत्र में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियां लगातार मिलकर कार्य कर रही हैं और भविष्य में भी यह सहयोग जारी रहेगा.
पर्व-त्योहारों को लेकर भी बनी रणनीति
आगामी पर्व-त्योहारों और विशेष अवसरों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी बैठक में विस्तृत रणनीति तैयार की गई. सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर सहमति बनी.
अधिकारियों ने सीमावर्ती गांवों के लोगों से भी अपील की कि वे सुरक्षा एजेंसियों का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें.
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई. इसमें शामिल सभी सुरक्षा एजेंसियों ने भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपसी सहयोग एवं समन्वय को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई.
अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की समन्वय बैठकें सीमा सुरक्षा को सुदृढ़ करने और सीमावर्ती क्षेत्रों में विश्वास एवं सहयोग बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं.
ये भी पढ़ें: आपातकाल के समय लोकतंत्र के लिए जेल गए, बेटी को 11 महीने बाद देखा… अब पेंशन के लिए इंतजार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










