श्रावणी मेला की दूसरी सोमवारी पर देवघर में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान
देवघर श्रावणी मेला की दूसरी सोमवारी पर तीन लाख से अधिक कांवरियों के आने की उम्मीद है. प्रशासन ने सुरक्षा और सुगम जलार्पण के लिए कड़े इंतजाम किए हैं.
देवघर: श्रावणी मेला की दूसरी सोमवारी पर बाबा नगरी में भक्ति का ज्वार उमड़ने की तैयारी है. जिला प्रशासन ने अनुमान जताया है कि सोमवार को तीन लाख से अधिक कांवरिये और श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ के दरबार में जलार्पण करने पहुंचेंगे. विशाल भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने सुरक्षा से लेकर कतार प्रबंधन तक हर स्तर पर तैयारी पूरी कर ली है.
रविवार की रात से ही कांवरियों की कतार में बढ़ोतरी शुरू हो गयी है. कांवरिया पथ से लेकर बाबा मंदिर परिसर तक पुलिस और प्रशासनिक कर्मियों की तैनाती कर दी गयी है. आम श्रद्धालुओं को सुगम जलार्पण की सुविधा देने के लिए सामान्य कतार व्यवस्था के माध्यम से ही मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा. कूपन दर्शन व्यवस्था पूर्व की तरह बंद रहेगी, ताकि अधिक से अधिक आम श्रद्धालु बिना किसी रुकावट के बाबा का जलाभिषेक कर सकें.
फूलों से सजेगा बाबा मंदिर, भक्तिमय माहौल के लिए खास सजावट
दूसरी सोमवारी के मौके पर बाबा बैद्यनाथ मंदिर को भव्य रूप देने के लिए फूलों से सजावट का काम तेजी से चल रहा है. मंदिर के बाहरी परिसर से लेकर प्रवेश द्वार तक रंग-बिरंगे फूलों से सजाया जा रहा है, ताकि सावन की पवित्र सोमवारी पर आने वाले श्रद्धालुओं को भक्तिमय वातावरण का अनुभव हो. मंदिर प्रशासन की ओर से पूजा व्यवस्था, अरघा सिस्टम और श्रद्धालुओं की आवाजाही पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. बाबा नगरी में चारों ओर ‘बोल बम’ के जयकारे गूंज रहे हैं और पूरा देवघर शिवभक्ति में डूबा हुआ है.
सुरक्षा और सुविधा के लिए अतिरिक्त बल की तैनाती
भीड़ नियंत्रण और सुगम जलार्पण को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की अतिरिक्त तैनाती की है. कांवरिया पथ से लेकर बाबा मंदिर परिसर तक सुरक्षा बलों को विशेष चौकसी बरतने का निर्देश दिया गया है. रूटलाइन में पेयजल, चिकित्सा सेवा, शौचालय और अन्य आधारभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने के भी निर्देश जारी किए गए हैं. प्रशासनिक अधिकारी लगातार मेला क्षेत्र की व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं, ताकि किसी भी स्तर पर श्रद्धालुओं को असुविधा न हो. श्रद्धालुओं से अपील की गयी है कि वे प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए कतारबद्ध तरीके से बाबा का जलार्पण करें.
दूसरी सोमवारी को लेकर प्रमुख व्यवस्थाएं
- तीन लाख से अधिक कांवरियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान.
- कूपन दर्शन व्यवस्था पूरी तरह बंद रहेगी, सामान्य कतार से ही प्रवेश मिलेगा.
- बाबा बैद्यनाथ मंदिर को फूलों से सजाया जा रहा है.
- पूजा-अर्चना और अरघा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रहेगी.
- भीड़ नियंत्रण के लिए दंडाधिकारियों और पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती.
- रूटलाइन में पेयजल, चिकित्सा और शौचालय समेत सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए