वेदी पर विराजी मां, मंदिरों के पट खुले

Published at :20 Oct 2015 6:09 AM (IST)
विज्ञापन
वेदी पर विराजी मां, मंदिरों के पट खुले

किशनगंज : सोमवार को मां दुर्गा के मंदिरों के पट खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. मंदिरों में मां के सातवें रूप काल रात्रि की पूजा विधि-विधान से की गयी. प्रखंड के सभी दुर्गा मंदिरों में महा अष्टमी को लेकर व्यापक तैयारी की गयी है. डुमरिया भट्ठा के पंडित ब्रजेश पाठक ने बताया िक […]

विज्ञापन

किशनगंज : सोमवार को मां दुर्गा के मंदिरों के पट खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. मंदिरों में मां के सातवें रूप काल रात्रि की पूजा विधि-विधान से की गयी. प्रखंड के सभी दुर्गा मंदिरों में महा अष्टमी को लेकर व्यापक तैयारी की गयी है. डुमरिया भट्ठा के पंडित ब्रजेश पाठक ने बताया िक मंगलवार को महाअष्टमी की पूजा होगी. मां का खोईंछा भरा जायेगा.

दिघलबैंक प्रतिनिधि के अनुसार, नवरात्र को लेकर अब तक आस्था का जो जन सैलाब मंदिर व पूजा पंडालों तक सीमित था वह प्रवाह बन कर सड़कों पर निकल आया. जय माता दी के जय घोष, ढोल बाजे की धुन से दिघलबैंक नया बाजार, धनतोला, हरूवाडांगा, टप्पू, तुलसिया, दोगिरजा, गर्न्धवडांगा, पदमपुर, सिंघिमारी सहित प्रखंड का कोना, कोना भक्ति रस में सराबोर हो गया है.

ठाकुरगंज प्रतिनिधि के अनुसार, ठाकुरगंज में विभिन्न पूजा पंडालों का पट खुलते ही भक्तों की भीड़ पंडालों की तरफ उमड़ पड़ी. नगर में नौ स्थानों पर बने पूजा पंडालों में मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंच माता की आरती भी की.

बहादुरगंज प्रतिनिधि के अनुसार, दुर्गापूजा में सप्तमी की संध्या अलग-अलग पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी. इस बीच सोमवार को सप्तमी की रात्रि में मां दुर्गा की प्रतिमा को विधिवत प्राण प्रतिष्ठा अर्पित करने की तैयारी जारी है, जहां प्रकांड पंडितों के दिशा-निर्देश के आलोक में कमेटी के पदाधिकारी समुचित धार्मिक कार्य को अंजाम देने में जुटे हैं.

पोठिया प्रतिनिधि के अनुसार, पूजा का उत्सव परवान चढ़ने लगा है. मंदिरों में सोमवार से मंत्रोच्चारण के साथ पराशक्ति की प्रतीक देवी दुर्गा की विधिवत पूजा की गयी. सार्वजनिक दुर्गा मंदिर पोठिया में सुबह से ही भक्तों की भीड़ मां के दर्शन के लिए उमड़ पड़ी. पोठिया दुर्गा मंदिर में नेपाल, बंगाल, असम, व दूर-दूर से लोग मां के दर्शन के लिए पहुंचते हैं.

कोचाधामन प्रतिनिधि के अनुसार, मां दुर्गा की सप्तम रूप कालरात्रि की पूजा के साथ मंदिरों में चहल-पहल बढ़ने लगी. मंदिरों की विशेष साज-सज्जा लगभग पूरी हो चुकी है. दशहरा में लगने वाले मेला को लेकर दुकानदार अपने-अपने स्थान सुरक्षित कर दुकान को सजाने में लग गये हैं. उधर, थाना क्षेत्र के मुख्य दुर्गा मंदिर विशनपुर, चरघरिया, अंधासुर, बरबट्टा, भवानीगंज, अलता, कन्हैयाबाड़ी, बड़ीजान , मस्तान चौक सहित अन्य दुर्गा मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गयी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन