कन्हैयाबाड़ी(किशनगंज) : चुनाव की घड़ी नजदीक आती जा रही है. राजनैतिक पार्टियाें की सक्रियता भी तेज होती जा रही है.
सीमांचल के सबसे दिलचस्प विधानसभा क्षेत्र कोचाधमान के प्लस टू सोंथा उच्च विद्यालय के मैदान में आंध प्रदेश हैदराबाद की एआईएमआईएम पार्टी के विधायक अबकरउद्दीन ओवैसी ने एक जन सभा को संबोधित किया.
सबसे पहले उन्होंने सीमांचल की हालात से उपस्थित लोगों को अवगत कराया. जब दर्शक दीर्घा से लोगों की आवाज आने लगी तो वह ओवैसी अपने रौ में आ गये और गुजरात मुजफ्फर नगर, भागलपुर आदि दंगों का उल्लेख किया व बाबरी मसजिद की भी चर्चा की. नरेंद्र मोदी को प्रवासी प्रधानमंत्री कहा.
वहीं नीतीश पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने अगर बिहार में जगह बनायी तो वह नीतीश की देन है. और जब मतलब पूरा नहीं हुआ तो भाजपा खराब हो गयी और उससेे नाता तोड़ लिया. महागठबंधन और एनडीए को मुसलमानों का दुश्मन करार देते हुए कहा कि ये मतलब परस्त लोग मुसलमानों के वोट को बांटने का काम कर रहे हैं.
उन्होंने कहा मैं यहां हैदराबाद से अपने मतलब को पूरा करने नहीं बल्कि अपने दर्द को आपसे बांटने आया हूं. लोग अफवाह फैलाते हैं ओवैसी ब्रदर्स बिकाऊ हैं, हां हम बिके हैं. मैं अपने कौम की हिफाजत के लिए मिटने को तैयार हूं, लेकिन जुल्म को नहीं सह सकता.
वहीं हैदराबाद व बिहार के विधि व्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा, शिक्षण संस्थान की तुलना करते हुए कहा कि बिहार के ही गया और नवादा के चिकित्सकों की संख्या 400 से 450 है जबकि किशनगंज में नौ तथा उन्हीं जिलों में 20 से 24 पीएचसी हैं, जबकि किशनगंज में मात्र सात पीएचसी हैं. यहां के जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्हें जदयू का गुलाम बताया. उन्होंने कहा कि वोट ही वह ताकत है जो न सिर्फ आप नेताओं की नहीं बल्कि अपनी भी तकदीर बदल सकती है.
वहीं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरूल ईमान ने जनसभा को संबोधित किया और कहा कि हमारा सीमांचल राजनीति का शिकार हो चला है. गंगा जमुनी तहजीब खतरे में नजर आ रही है. भाजपा पर निशाना साधा और कहा ये भगवाधारी लोग भारतीय संविधान को तबाह करना चाहते हैं जो हम होने नहीं देंगे.
लोक सभा चुनाव में पीछे हटने के मुद्दे पर सफाई देते हुए कहा कि मैंने सांप्रदायिक ताकतों को रोकने व जदयू के मंसूबे पर पानी फेरने के लिए ऐसा किया है. मैं एक मुसलमान हूं अपना ईमान खराब नहीं कर सकता. आपकी रहबरी की है, करूंगा. जनसभा को तसीरूद्दीन(पोठिया), गुलाम सरवर बायसी,वारिश पठान विधायक महाराष्ट्र, अहमद अब्दुल्ला बलाला, जाफर हुसैन विधायक तेलंगाना ने संबोधित किया.
इनके साथ साथ अख्तरूल ईमान ने सीमांचल की समस्याओं तथा बदहाली को लेकर लोगों को अपने संबोधन से अवगत कराया तथा विगत लोकसभा चुनाव में भाजपा को रोकने के लिए जदयू प्रत्याशी के रूप में रह कर भी चुनाव से बाहर हो जाने की आपबीती से लोगों को अवगत कराया. मंच संचालन मासुम रजा ने बखूबी किया.
वहीं सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन मुस्तैद दिखा. जिसमें एसडीओ मो शफीक आलम, एसडीपीओ कामिनी वाला,कोचाधमन थानाध्यक्ष इंस्पेक्ट सीपी यादव,अनि अभय कुमार, बहादुरगंज थानाध्यक्ष विजय कुमार सहित अन्य पुलिस कर्मी एवं सशस्त्र पुलिस बल तैनात थे.