इंजीनियरिंग के छात्रों का इंडियन साइन लैंग्वेज ट्रांसलेटर प्रोजेक्ट बना रहा आकर्षण का केंद्र

तकनीक का उपयोग कर पार्किंग स्थल की उपलब्धता की रियल-टाइम जानकारी प्रदर्शित की गई है.
इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों का तकनीकी नवाचार, प्रदर्शनी में बिखेरी प्रतिभा की चमक खगड़िया. बिहार दिवस पर जेएनकेटी मैदान में राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय के छात्रों ने उत्कृष्ट एवं समाजोपयोगी तकनीकी प्रोजेक्ट्स के माध्यम से सबका ध्यान आकर्षित किया. महाविद्यालय के स्टॉल पर बड़ी संख्या में आगंतुकों ने पहुंचकर छात्रों के नवाचारों को देखा. समझा और उनकी सराहना की. छात्रों द्वारा प्रस्तुत इंडियन साइन लैंग्वेज ट्रांसलेटर प्रोजेक्ट विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रहा. यह प्रोजेक्ट सांकेतिक भाषा को टेक्स्ट अथवा वॉइस में परिवर्तित करने की क्षमता रखता है. जिससे श्रवण एवं वाक बाधित व्यक्तियों के साथ संवाद को आसान बनाया जा सकता है. स्मार्ट पार्किंग सिस्टम प्रोजेक्ट के अंतर्गत सेंसर एवं माइक्रो कंट्रोलर आधारित तकनीक का उपयोग कर पार्किंग स्थल की उपलब्धता की रियल-टाइम जानकारी प्रदर्शित की गई है. यह सिस्टम शहरी क्षेत्रों में बढ़ती पार्किंग समस्या के समाधान में सहायक हो सकता है. समय और ईंधन की बचत सुनिश्चित करता है. इसके अतिरिक्त, आईओटी आधारित स्मार्ट रियल-टाइम स्टूडेंट मॉनिटरिंग एवं अटेंडेंस मैनेजमेंट सिस्टम ने शिक्षा क्षेत्र में डिजिटल क्रांति की झलक प्रस्तुत की. इस प्रणाली के माध्यम से छात्रों की उपस्थिति, गतिविधियों एवं लोकेशन को रियल-टाइम में ट्रैक किया जा सकता है. जिससे पारदर्शिता और अनुशासन को बढ़ावा मिलता है. स्मार्ट स्लिप एनवायरनमेंट सेफ्टी सिस्टम प्रोजेक्ट के तहत एक ऐसा स्मार्ट सिस्टम प्रदर्शित किया गया. जो नींद के दौरान वातावरण की निगरानी कर संभावित खतरों (जैसे गैस लीकेज, तापमान असंतुलन आदि) के बारे में अलर्ट प्रदान करता है. यह प्रोजेक्ट विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों एवं मरीजों की सुरक्षा के लिए उपयोगी सिद्ध हो सकता है. कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. मणि भूषण, रजिस्ट्रार डॉ. सत्य प्रकाश, विभागाध्यक्ष डॉ. नयन कुमार, प्रोफेसर विवेक शरण ने छात्रों के कार्यों की सराहना की. उल्लेखनीय है कि बीते 13 मार्च को मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा के दौरान भी महाविद्यालय के छात्रों ने प्रोजेक्ट्स का सफल प्रदर्शन कर प्रशंसा प्राप्त की थी. लगातार ऐसे आयोजनों में भागीदारी से छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ रहा है. वे नवाचार के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




