खगड़िया में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दो युवकों की मौत, एक गंभीर, डुमरी पुल के पास हुआ हादसा
दुर्घटना ग्रस्त बाइक | Prabhat Khabar Network
Khagaria Road Accident : खगड़िया के चौथम थाना क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहाँ दो को मृत घोषित कर दिया गया. तीसरे घायल को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है.
Khagaria Road Accident : चौथम थाना क्षेत्र में डुमरी पुल और सोनवर्षा घाट के बीच दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गयी. हादसे में दोनों बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को चौथम सीएचसी पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे घायल युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
बेलदौर और पौरा की ओर जा रही थीं दोनों बाइक
बताया जाता है कि एक बाइक पर पौरा निवासी अनिल यादव का पुत्र सवार होकर पौरा से बेलदौर की ओर जा रहा था. वहीं दूसरी बाइक पर बेलदौर थाना क्षेत्र निवासी सीताराम सिंह का पुत्र लवकुश कुमार अपने एक अन्य साथी के साथ बेलदौर से सोनवर्षा घाट की ओर आ रहा था. इसी दौरान डुमरी पुल और सोनवर्षा घाट के बीच दोनों बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गयी.
टक्कर इतनी जोरदार कि तीनों युवक घायल
दोनों बाइकों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों पर सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गयी. आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंचे बम सेवा में तैनात एसआई संतोष कुमार ने सभी घायलों को इलाज के लिए चौथम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.
अस्पताल पहुंचते ही दो युवकों की मौत की पुष्टि
चौथम सीएचसी में चिकित्सकों ने घायलों की जांच की. जांच के बाद दो युवकों को मृत घोषित कर दिया गया. मृतकों की पहचान पौरा निवासी अनिल यादव के पुत्र और बेलदौर थाना क्षेत्र निवासी सीताराम सिंह के पुत्र लवकुश कुमार के रूप में हुई है. वहीं तीसरे युवक की हालत गंभीर बतायी गयी. प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गये
घटना के बाद पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने दुर्घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दी. हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम का माहौल है.
दोनों दुर्घटनाग्रस्त बाइक पुलिस ने की जब्त
चौथम थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल दोनों बाइक को जब्त कर थाना लाया गया है. दोनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. दुर्घटना किस परिस्थिति में हुई, इसकी जानकारी जुटायी जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










