सावन की दूसरी सोमवारी पर उमड़े श्रद्धालु, अगुआनी घाट से कांवरियों ने भरा गंगाजल, शिवालयों में गूंजा हर-हर महादेव
अगुवानी घाट में जल भरते कांवरिये.
Sawan Somwari : सावन की दूसरी सोमवारी पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. लाखों शिवभक्तों ने अगुआनी घाट से गंगाजल भरकर विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक किया. बोल बम के जयकारों से पूरा इलाका शिवमय हो गया.
Sawan Somwari : परबत्ता में सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर रविवार की देर रात से ही भक्ति का माहौल बन गया था. अगुआनी-गंगा घाट पर बड़ी संख्या में शिवभक्त गंगाजल भरकर पैदल और वाहनों से विभिन्न शिवालयों के लिए रवाना हुए. सोमवार को श्रद्धालुओं ने अलग-अलग मंदिरों में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग पर जल अर्पित किया और विशेष पूजा-अर्चना की. कांवरियों की भीड़ और बोल बम के जयकारों से पूरा इलाका शिवमय नजर आया.
अगुआनी घाट से गंगाजल लेकर निकले कांवरिये
सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर अगुआनी-गंगा घाट पर शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी. रविवार की देर रात से ही कांवरिये घाट पर पहुंचने लगे थे. गंगाजल भरने के बाद श्रद्धालु पैदल और वाहनों के माध्यम से अलग-अलग शिवालयों के लिए रवाना हुए. सोमवार को भी घाट पर गंगाजल भरने और जलाभिषेक के लिए शिवभक्तों का पहुंचना जारी रहा.
इन प्रमुख शिवालयों में हुआ जलाभिषेक

कांवरियों ने भागलपुर जिले के बिहपुर प्रखंड स्थित मड़वा के ब्रजलेश्वरधाम, सहरसा जिले के सिंघेश्वर स्थान, बेलदौर के फुलेश्वर स्थान, खजरैठा स्थित श्री राघवेंद्र सर्वेश्वर मंदिर, मथुरापुर के श्री गंगेश्वर महादेव, मड़ैया के उमानाथ मंदिर, भरसो के श्री नागेश्वर नाथ मंदिर और नयागांव के श्री रामेश्वर महादेव मंदिर में जल अर्पित किया.
इसके अलावा मोजाहिदपुर की श्रीराम जानकी ठाकुरबाड़ी परिसर स्थित महादेव मंदिर, देवरी के शिव मंदिर और विभिन्न गांवों के शिवालयों में भी श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल चढ़ाकर पूजा-अर्चना की.
प्रशासन ने घाट पर किये सुरक्षा के इंतजाम
अगुआनी-गंगा घाट की उपधारा पर अंचल प्रशासन की ओर से महिला चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गयी थी. गंगा की धारा में बैरिकेडिंग, घाट पर रोशनी, चिकित्सा सुविधा और हेल्प डेस्क भी बनाया गया. विधि-व्यवस्था को लेकर प्रमुख स्थानों पर महिला और पुरुष पुलिस बल की तैनाती की गयी.
व्यवस्था का जायजा लेने रविवार शाम सीओ हरिनाम राम गुप्ता, बीडीओ संतोष कुमार पंडित और थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार समेत अन्य पदाधिकारी घाट पर पहुंचे. कांवरियों के पैदल मार्ग वाले दोनों रूटों पर भी जगह-जगह सुरक्षा बल तैनात किये गये.
दो नावों के साथ SDRF रही अलर्ट
गंगा घाट पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए SDRF के जवान दो नावों के साथ रेडी मोड में तैनात रहे. प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से घाट पर सावधानी बरतने और निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र में ही स्नान व जलभरने की अपील की गयी.
जगह-जगह लगे सेवा शिविर, रातभर हुई कांवरियों की सेवा
कांवर यात्रा को लेकर स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह रहा. अगुआनी-महेशखूंट मुख्य मार्ग और नारायणपुर-अगुआनी बांध पर ग्रामीणों के सहयोग से कई स्थानों पर रविवार रात कांवरिया सेवा शिविर लगाये गये. शिविरों में रातभर पेयजल, चाय और शर्बत की व्यवस्था कर कांवरियों की सेवा की गयी. मार्ग पर रोशनी के भी विशेष इंतजाम किये गये थे. इससे कांवरियों को लंबी यात्रा के दौरान काफी राहत मिली.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By पलटू झा
पलटू झा प्रिंट माध्यम में 11 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. परबत्ता (खगड़िया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










