सख्ती: शिक्षा विभाग में कोई घूस मांगे तो टॉल फ्री नंबर 14417 व 18003454417 पर करें शिकायत

Updated at : 01 Apr 2026 8:50 PM (IST)
विज्ञापन
सख्ती: शिक्षा विभाग में कोई घूस मांगे तो टॉल फ्री नंबर 14417 व 18003454417 पर करें शिकायत

शिक्षक एवं विद्यार्थियों से उनके विभिन्न कार्यों के लिए यदि शिक्षा विभाग का कोई भी कर्मचारी या पदाधिकारी राशि की मांग करता है

विज्ञापन

डीएम के सख्त रुख पर प्रैक्टिकल के नाम पर घूस मांगने वालों पर करायी गयी प्राथमिकी

खगड़िया. शिक्षा विभाग के कोई भी कर्मचारी व पदाधिकारी घूस की मांग करे तो टॉल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं. शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखा जायेगा. जिलाधिकारी नवीन कुमार के सख्त आदेश के बाद छात्रों व शिक्षकों की सुविधाओं के लिए टॉल फ्री नंबर 14417 व 18003454417 जारी किया गया है. जिला प्रशासन द्वारा छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों से अपील की वे किसी भी प्रकार के प्रलोभन या दबाव में न आएं. इस प्रकार की अवैध मांग की सूचना तुरंत प्रशासन को दें. प्रशासन द्वारा यह भी आश्वस्त किया गया है कि शिकायतकर्ताओं की पहचान गोपनीय रखी जायेगी. साथ ही उन्हें पूर्ण सुरक्षा प्रदान की जायेगी. कहा गया कि राज्य के सरकारी विद्यालयों के शिक्षक एवं विद्यार्थियों से उनके विभिन्न कार्यों के लिए यदि शिक्षा विभाग का कोई भी कर्मचारी या पदाधिकारी राशि की मांग करता है या वसूलता है तो इसकी सूचना विभागीय टॉल फ्री नंबर पर दें. इससे संबंधित मामलों में त्वरित संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी. जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अनियमितता, भ्रष्टाचार या छात्रों के शोषण को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. इस मामले में संबंधित अधिकारियों को निगरानी बनाए रखने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है.

छात्रों की शिकायत पर डीएम ने स्वंय की शिकायत की समीक्षा

बीते दो दिन पूर्व कुछ छात्र-छात्राओं द्वारा डाक के माध्यम से जिला पदाधिकारी को शिकायत किया था कि कुछ व्यक्तियों द्वारा प्रायोगिक परीक्षा (प्रैक्टिकल) में उत्तीर्ण कराने के नाम पर 1500 की अवैध राशि की मांग की जा रही है. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी द्वारा त्वरित संज्ञान लिया गया. डीएम के आदेश पर प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा संबंधित सभी छात्र-छात्राओं को वाहन की व्यवस्था कराते हुए जिला मुख्यालय बुलाया गया. साथ ही, जिन व्यक्तियों के विरुद्ध आरोप लगाए गए थे, उन्हें भी उपस्थित होने का निर्देश दिया गया. डीएम द्वारा स्वयं मामले की समीक्षा की गयी. मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी को कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. इसके बाद जांचोपरांत दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी. इसके अतिरिक्त सभी शिक्षण संस्थानों को निर्देशित किया गया है कि परीक्षा प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया जाय. किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल जांच कर उचित कार्रवाई की जायेगी.

क्या है मामला

परबत्ता प्रखंड के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय टिमापुर लगार में इंटर की प्रैक्टिकल परीक्षा में शिक्षक व कर्मियों द्वारा छात्रों को अधिक अंक देने के नाम पर अवैध उगाही की गयी थी. डीएम के आदेश पर स्कूल के प्रधानाध्यापिका सविता कुमारी, लिपिक रीता कुमारी व शिक्षक दिलीप चौधरी के विरूद्ध परबत्ता थाना में कांड संख्या 136/26 दर्ज कराया गया. उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय टिमापुर लगार के छात्र बबलू यादव के पुत्र गरीब कुमार, अमर कुमार के पुत्र विशाल कुमार ने डीएम को आवेदन देकर प्रधानाध्यापिका, लिपिक और शिक्षक द्वारा इंटर की प्रैक्ट्रिकल परीक्षा में अंक देने के नाम पर एक हजार से 15 सौ रूपये की मांग की गयी थी. रुपये नहीं देने पर जिंदगी और केरियर बर्बाद करने की भी धमकी दिया गया.

इंटर की परीक्षा में संतोषजनक अंक नहीं मिलने पर छात्रों ने किया था हंगामा

पैसे लेने के बावजूद छात्रों को प्रैक्टिकल परीक्षा में संतोषजनक अंक नहीं दिया गया. जिससे उनके रिजल्ट पर प्रतिकूल असर पड़ा है. छात्रों ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने इस मामले का विरोध किया तो संबंधित शिक्षकों द्वारा उन्हें धमकाया गया. शिक्षकों द्वारा धमकाया गया कि कोई छात्र शिकायत करेगा तो उनका भविष्य खराब कर दिया जायेगा और चरित्र प्रमाण पत्र (करेक्टर सर्टिफिकेट) भी जारी नहीं किया जायेगा. इस कथित धमकी के बाद छात्रों में भय और आक्रोश दोनों का माहौल बन गया. इंटरमीडिएट का रिजल्ट जारी होते ही कम अंक मिलने से नाराज छात्र विद्यालय पहुंच गए और जमकर हंगामा किया. इंटर की प्रैक्टिकल परीक्षा के दौरान छात्रों ने रूपये लेन देन का वीडियो भी बना लिया था. जिसमें क्लर्क द्वारा छात्र से पैसा लिया जा रहा है.

विज्ञापन
RAJKISHORE SINGH

लेखक के बारे में

By RAJKISHORE SINGH

RAJKISHORE SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन