डिस्कनेक्शन के बाद भी बिजली चोरी कर जलाने वाले उपभोक्ताओं पर प्राथमिकी

चौथम थाना क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गयी है. बीते 17 मार्च 2026 को विद्युत विभाग की ओर से एक विशेष छापेमारी दल का गठन कर मानसी प्रखंड के विभिन्न गांवों में जांच अभियान चलाया गया.
खगड़िया. चौथम थाना क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गयी है. बीते 17 मार्च 2026 को विद्युत विभाग की ओर से एक विशेष छापेमारी दल का गठन कर मानसी प्रखंड के विभिन्न गांवों में जांच अभियान चलाया गया. इस दल में सहायक विद्युत अभियंता, कनीय अभियंता, एसटीएफ कर्मी व अन्य तकनीकी स्टाफ शामिल थे. छापेमारी के दौरान ग्राम गढ़िया में तीन उपभोक्ताओं के यहां बिजली चोरी का मामला सामने आया. बताया जाता है कि गढ़िया निवासी अर्जुन शर्मा के आवास पर जांच की गयी. विभागीय अभिलेख के अनुसार, बकाया राशि 9818 रुपये रहने के कारण उनका बिजली कनेक्शन पूर्व में काट दिया गया था. इसके बावजूद वे अवैध रूप से 0.138 किलोवाट भार का उपयोग करते हुए बिजली चोरी करते पकड़े गये. इस मामले में विभाग को कुल 29,002 रुपये की क्षति का अनुमान है. दूसरे मामले में नंदलाल पासवान के यहां जांच की गयी. इनके ऊपर पूर्व से बकाया रहने के कारण बिजली कनेक्शन विच्छेदित किया गया था, लेकिन वे अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पकड़े गये. इस कारण विद्युत विभाग का लगभग 26,786 रुपये की क्षति हुई. इसके अलावे गांव में ही मानती देवी के आवास पर जांच की गयी. उनका कनेक्शन भी पूर्व में बकाया के कारण काटा गया था, लेकिन वे अवैध रूप से बिजली का उपयोग करती पायी गयी. इस मामले में विभाग को कुल 40,607 रुपये की क्षति का अनुमान है. विद्युत विभाग के अनुसार, तीनों मामलों में उपभोक्ताओं द्वारा बिना बकाया राशि जमा किये और बिना वैध पुनः कनेक्शन प्राप्त किये बिजली का उपयोग किया जा रहा था. विभाग ने इन सभी मामलों को गंभीर मानते हुए संबंधित अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 व अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत चौथम थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. विभाग ने चेतावनी दी है कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




