गोगरी अनुमंडल पुस्तकालय का धूमधाम से मनाया गया 25वां स्थापना दिवस

संस्थानों का संरक्षण और विकास समाज की प्राथमिकता होनी चाहिए.
जनप्रतिनिधियों व बुद्धिजीवियों की मौजूदगी में गरिमामय कार्यक्रम, डिजिटल लाइब्रेरी व विस्तार की उठी मांग गोगरी. अनुमंडल मुख्यालय स्थित स्व. अस्ति नारायण सिन्हा (पूर्व समाजवादी नेता एवं शिक्षाविद) की स्मृति में स्थापित अनुमंडल पुस्तकालय गोगरी का 25वां स्थापना दिवस उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया. कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बुद्धिजीवी वर्ग की उल्लेखनीय भागीदारी रही. वहीं कार्यक्रम में परबत्ता विधायक बाबूलाल शौर्य एवं गोगरी अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) संजय कुमार की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई. वहीं नगर परिषद अध्यक्ष रंजीता कुमारी निषाद, कार्यपालक पदाधिकारी सोनी कुमारी, पुस्तकालय के सचिव नलिनेश कुमार सिन्हा नंदकिशोर कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं साहित्य प्रेमी मौजूद रहे. मौके पर सचिव नलिनेश कुमार सिन्हा ने पुस्तकालय की 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को याद करते हुए इसके सामाजिक, शैक्षणिक और बौद्धिक विकास में योगदान की सराहना की. उन्होंने कहा कि पुस्तकालय केवल पुस्तकों का संग्रह नहीं, बल्कि समाज को ज्ञान, जागरूकता और सही दिशा देने का महत्वपूर्ण केंद्र होता है. ऐसे संस्थानों का संरक्षण और विकास समाज की प्राथमिकता होनी चाहिए. परबत्ता विधायक बाबूलाल शौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों में पुस्तकालयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है. यह युवाओं को सही मार्गदर्शन देने के साथ उन्हें शिक्षा से जोड़ने का कार्य करता है. उन्होंने पुस्तकालय के विस्तार और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया. वहीं कार्यक्रम के दौरान पुस्तकालय से जुड़े पुराने सदस्यों एवं योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया. साथ ही साहित्यिक चर्चाओं ने माहौल को जीवंत बना दिया. मंच संचालन सुनील कुमार मिश्रा ने किया. इस दौरान विनोद मिश्रा ने डिजिटल लाइब्रेरी की आवश्यकता पर जोर देते हुए विधायक से मांग रखी. जिस पर विधायक ने सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया. साथ ही पुस्तकालय भवन के प्रथम तल निर्माण को लेकर भी आश्वासन दिया गया. कार्यक्रम के दौरान एसडीओ संजय कुमार ने पुस्तकालय का निरीक्षण कर बुक स्टॉल बनाने एवं अन्य व्यवस्थाओं के साथ संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. मौके पर सचिव नलिनेश कुमार सिंहा, उपाध्यक्ष प्रेमशंकर मिश्रा, कैशियर नंदू मंडल, विनय कुमार सिन्हा, दुन बहादुर दास सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




