महिला खिलड़ियों ने ट्रॉफी के साथ निकाला विजय जुलूस

कैमूर की बेटियों ने रांची को दो गोल से हराया, सबार पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत
कैमूर की बेटियों ने रांची को दो गोल से हराया, सबार पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत डीजे की धुन व आतिशबाजी के साथ निकला विजय जुलूस, पूरे गांव में मना जीत का जश्न रामपुर. प्रखंड के सबार गांव में सोमवार की रात कैमूर की बालिका फुटबॉल टीम द्वारा रांची को दो गोल से हराकर गांव लौटने के बाद डीजे की धुन पर ट्रॉफी के साथ विजय जुलूस निकाला गया. यह विजय जुलूस पूरे गांव में घुमाया गया व बालिका टीम की खिलाड़ियों ने शानदार जीत का जश्न मनाते हुए पटाखे भी फोड़े. स्थानीय लोगों ने भी उनका खुले दिल से स्वागत किया. कैमूर बालिका टीम के कोच व रिटायर्ड दारोगा गुदरी शर्मा ने बताया कि औरंगाबाद के रफीगंज स्थित देहुली गांव में एकदिवसीय अंतरराज्यीय फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया था. बालिका दिवस के अवसर पर बिहार के कैमूर व झारखंड के रांची की टीम के बीच रविवार को मैच खेला गया था. जीत हासिल कर सोमवार को गांव लौटने पर कैमूर की इकलौती बालिका फुटबॉल टीम के सबार गांव के खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया. सोमवार की देर शाम डीजे के साथ खिलाड़ियों ने ट्रॉफी के साथ भ्रमण किया, इस दौरान उत्साह में पटाखे भी छोड़े गये. गांव के लोगों ने बताया कि पहले यहां की बच्चियां खेल में आगे नहीं बढ़ पाती थीं, लेकिन रिटायर्ड दारोगा गुदरी शर्मा ने साल 2019 से फुटबॉल की जो ट्रेनिंग शुरू की, वह सिलसिला अब जिला, राज्य व नेशनल तक पहुंच गया है. हमारे गांव की बेटियां आज आगे बढ़कर फुटबॉल मैच खेल रही हैं व अंतरराज्यीय मैचों में अपना परचम लहराकर जिले का नाम रोशन कर चुकी हैं. खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन व कोच के समर्पण की हर तरफ सराहना की गयी. जीत की इस खुशी से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल बना हुआ है व भविष्य में खेल सुविधाओं में और सुधार की उम्मीद जतायी गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




