पुरूषोत्तमपुर के समीप दो बाइकों की टक्कर में महिला घायल

शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा, हालत चिंताजनक, सदर अस्पताल रेफर
शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा, हालत चिंताजनक, सदर अस्पताल रेफर प्रतिनिधि, चैनपुर. थाना क्षेत्र के पुरूषोत्तमपुर मोड़ के समीप बुधवार को आमने-सामने की बाइक टक्कर में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी. घायल महिला की पहचान सिकंदरपुर गांव निवासी कुमार राम की पत्नी लक्ष्मीना देवी के रूप में हुई है. इस हादसे में उनके सिर में गंभीर चोटें आयी हैं. इसके कारण उनकी स्थिति चिंताजनक बतायी जा रही है. इस घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि लक्ष्मीना देवी अपने पुत्र के साथ ग्राम सिरबीट में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रही थीं. इसी दौरान दोपहर लगभग 12 बजे अवखरा और पुरूषोत्तमपुर के बीच सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला बाइक से उछलकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरीं, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गयी. घटना के तुरंत बाद आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










