हनुमान घाटी के समीप अनियंत्रित पिकअप पलटा, चार यात्री घायल

हनुमान घाटी के खतरनाक मोड़ पर पिकअप पलटा, चार गंभीर रूप से घायल
हनुमान घाटी के खतरनाक मोड़ पर पिकअप पलटा, चार गंभीर रूप से घायल बारात से लौट रहे थे सभी लोग, चालक के नियंत्रण खोने से हुआ हादसा प्रतिनिधि, भभुआ सदर. भगवानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भगवानपुर–अधौरा मार्ग पर बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में हनुमान घाटी के पास पहाड़ी मोड़ पर एक अनियंत्रित पिकअप वाहन पलट गया. इससे उस पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये, जबकि अन्य यात्रियों को आंशिक चोटें आयी हैं. प्राप्त जानकारी के अनुसार, अधौरा थाना क्षेत्र के चैनपुरा गांव निवासी लोग मंगलवार को नंदू पासवान के पुत्र की बारात में शामिल होने गये थे. विवाह समारोह संपन्न होने के बाद बुधवार की सुबह सभी लोग पिकअप वाहन से अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान सुबह करीब 10 बजे हनुमान घाटी के खतरनाक मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे पिकअप सड़क से पलटकर नीचे जा गिरी. इस हादसे के बाद वाहन में सवार लोग नीचे गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. आसपास के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को तत्काल भगवानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भभुआ रेफर कर दिया गया. गंभीर रूप से घायलों में चैनपुरा गांव निवासी स्वर्गीय सीताराम के पुत्र बैसाखी राम, नन्हकू राम के पुत्र बबन राम, अनुरूद्ध राम के पुत्र सुरेंद्र राम तथा बनारसी राम के पुत्र तनु राम शामिल हैं. इनमें बबन राम का बायां हाथ टूट गया है. सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल भभुआ में चल रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार, हनुमान घाटी का यह पहाड़ी मार्ग काफी खतरनाक है. यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं. सड़क संकरी होने और तीखे मोड़ों के कारण जरा सी लापरवाही भारी पड़ सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










