तेज हवा के साथ झमाझम बारिश के बीच गिरे ओले

भभुआ में मौसम का बदला मिजाज, गर्मी से परेशान लोगों को मिली राहत
भभुआ में मौसम का बदला मिजाज, गर्मी से परेशान लोगों को मिली राहत आंधी-बारिश से बाधित बिजली आपूर्ति प्रतिनिधि, भभुआ सदर. मौसम के मिजाज में बदलाव और उठापटक का सिलसिला लगातार जारी है. बुधवार को सुबह सात बजे के बाद तेज धूप से परेशान शहर व आसपास के लोगों ने मौसम के तीन रंग देखे. सुबह से खिली धूप ने दोपहर तीन बजे तक लोगों को पसीने से तर-बतर किये रखा. इसके बाद अचानक आये काले बादलों के बीच तेज हवा और बड़े-बड़े ओलों के साथ झमाझम बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी. दरअसल, मौसम के बदलते तेवर ने अन्य दिनों की तरह ही बुधवार सुबह से अपना असर दिखाना शुरू कर दिया था. दोपहर 12 बजते-बजते धूप इतनी सख्त हो गयी कि लोग गर्मी से बेहाल हो गये थे. लेकिन करीब तीन बजे मौसम ने अचानक करवट बदली और देखते ही देखते कुछ ही देर में बादल छा गये और बारिश होने लगी. मौसम के बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गयी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली. बादल, बारिश और हवा के कारण बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में चार से छह डिग्री कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान दो डिग्री घटकर 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. हालांकि, न्यूनतम तापमान अधिक रहने के कारण बारिश के बावजूद उमस बनी रही. मौसम विभाग के अनुसार आज भी बारिश होने के आसार है. इधर, बारिश की वजह से दोपहर बाद शहर से लेकर गांव तक बिजली आपूर्ति व्यवस्था काफी देर तक बाधित रही. कई जगहों पर ट्रांसमिशन लाइन में फॉल्ट भी हुआ, जिससे घंटों बिजली बाधित रही. वहीं, तेज आंधी और बारिश के कारण एसडीएम आवास के पास सड़क पर एक पेड़ गिर गया. शहर में मची अफरातफरी बुधवार की दोपहर बाद आयी तेज बारिश और हवा के बीच बड़े-बड़े ओले भी गिरे. ओले गिरने से कुछ देर के लिए शहर में अफरातफरी मच गयी और वाहन चालक बचाव करते नजर आये. पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही थी और तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया था, जिससे लोग परेशान थे. ऐसे में तेज बारिश और ओलावृष्टि से मौसम पूरी तरह सुहाना हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










