विरोध पर महिला, उसकी मां व दादी के साथ की मारपीट, किया घर में बंद

Updated:
विज्ञापन

भभुआ सदर : भभुआ थाना क्षेत्र के बारे गांव में मंगलवार को दिनदहाड़े घर में घुस कर एक बदमाश युवक द्वारा शादीशुदा महिला के साथ छेड़खानी का मामला प्रकाश में आया है. महिला ने विरोध किया, तो बदमाश द्वारा मारपीट व ईंट पत्थर चला महिला, उसकी मां और दादी को गंभीर रूप से घायल कर […]

विज्ञापन

भभुआ सदर : भभुआ थाना क्षेत्र के बारे गांव में मंगलवार को दिनदहाड़े घर में घुस कर एक बदमाश युवक द्वारा शादीशुदा महिला के साथ छेड़खानी का मामला प्रकाश में आया है. महिला ने विरोध किया, तो बदमाश द्वारा मारपीट व ईंट पत्थर चला महिला, उसकी मां और दादी को गंभीर रूप से घायल कर दिया और सभी को उनके ही कमरे में बंद कर दिया. वह तो गनीमत थी कि छेड़खानी व मारपीट की शिकार महिला ने एसपी हरप्रीत कौर को फोन कर इसकी जानकारी दे दी.

पीड़ित महिला की सूचना पर एसपी ने तत्काल महिला थानाध्यक्ष को कार्रवाई करने का आदेश दिया. एसपी के आदेश पर महिला थानाध्यक्ष कुमारी अंचला दलबल के साथ बारे गांव में पीड़िता के घर पहुंची. लेकिन, तब तक बदमाश युवक वहां से फरार हो चुका था. इसके बाद महिला थानाध्यक्ष पीड़ित व घायल महिला और उसकी दादी को महिला थाने ले आयी.

थाने में महिला ने छेड़खानी व मारपीट करनेवाले युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी. महिला के साथ छेड़खानी व उसके घरवालों के साथ मारपीट करनेवाला युवक बारे गांव निवासी मुन्ना सिंह का बेटा किशन सिंह बताया जाता है. उसे महिला पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है.

इधर, सदर अस्पताल से मरहम-पट्टी करवा आने के बाद महिला थाने को दिये आवेदन में पीड़िता ने बताया है कि उसकी शादी यूपी के चंदौली जिला अंतर्गत मुगलसराय थाना क्षेत्र के सबलपुरा गांव के अनिल जायसवाल के साथ हुई है. उसके पति वाराणसी में चाट-पकौड़ी का धंधा करते हैं. इसके चलते वह बच्चों के साथ अपने मायके बारे गांव में ही रहती है.
आवेदन में महिला ने बताया है कि आरोपित किशन सिंह ने एक साल पहले भी उसके साथ छेड़खानी किया था, जिसको लेकर उसने भभुआ थाने में प्राथमिकी भी दर्ज करायी थी. थाने में शिकायत दर्ज करवाने को लेकर उसका बगलगीर बदमाश युवक उसे हमेशा मारने की धमकी देता रहता था. मंगलवार को अपराह्न 11 बजे उक्त बदमाश अचानक उसके घर में घुस आया और उसके साथ छेड़खानी करने लगा. उस समय उसके घर में कोई पुरुष सदस्य नहीं था. उसने और उसके परिवार ने उसका विरोध किया, तो वह मारने-पीटने पर उतारू हो गया और उसने पहले तो उसे और उसकी दादी को मारपीट कर जख्मी कर दिया.
उसके बाद वह अपने घर से ईंट-पत्थर चलाने लगा. इससे उसकी मां और छोटी बहन भी घायल हो गयी. इसके बाद युवक का उत्पात यहीं नहीं थमा. बल्कि, उसने छेड़खानी, मारपीट करने के बाद घर में अकेली रहीं महिलाओं को उनके ही घर में कैद भी कर दिया. इस मामले में महिला थानाध्यक्ष का कहना था कि पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है. आरोपित की तलाश में पुलिस लगी हुई है. जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
पीड़ित महिला ने फोन पर दी एसपी को सूचना, मौके पर पहुंचीं महिला थानाध्यक्ष
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन