बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा! 6 लाख की डील, OMR खेल और फर्जी दस्तावेज का खुलासा
सिपाही भर्ती परीक्षा (सांकेतिक तस्वीर)
Bihar Police Recruitment Exam: बिहार में मद्यनिषेध सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान गया, कैमूर, रोहतास और नवादा में हाईटेक नकल, ब्लूटूथ डिवाइस, फर्जी दस्तावेज और OMR शीट से जुड़े मामलों का खुलासा हुआ है. पुलिस कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच में जुटी है.
Bihar Police Recruitment Exam (संवाददाता- गया जी/भभुआ/सासाराम/नवादा): केंद्रीय चयन परिषद (सिपाही भर्ती) द्वारा आयोजित मद्यनिषेध सिपाही, कक्षपाल और चलंत दस्ता सिपाही पदों की लिखित परीक्षा के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़े और कदाचार का मामला सामने आया है. विभिन्न केंद्रों से हाइटेक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, जाली दस्तावेज और ओएमआर शीट से छेड़छाड़ के आरोप में कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य सरगनाओं की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
गया जी में छह लाख की सेटिंग का खुलासा, नालंदा में छापेमारी
गया जी के रामरुचि बालिका स्कूल परीक्षा केंद्र से ब्लूटूथ डिवाइस के साथ पकड़े गये परीक्षार्थी प्रिंस कुमार ने पुलिसिया पूछताछ में एक बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है. नालंदा जिले के कोरई गांव निवासी प्रिंस ने स्वीकार किया कि उसने परीक्षा पास करने के लिए छह लाख रुपये में सेटिंग की थी. इस खेल का मुख्य सूत्रधार नालंदा के खुंदुपुर गांव निवासी अमित कुमार उर्फ अर्जुन है. गया पुलिस ने नालंदा में अमित के घर पर छापेमारी की. पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह फरार हो गया. पुलिस ने उसकी मां और बहन से घंटों पूछताछ की है.
आधार कार्ड में छेड़छाड़ कर दोबारा परीक्षा दे रहा शातिर भभुआ में गिरफ्तार
भभुआ के सरदार वल्लभ भाई पटेल महाविद्यालय में तैनात दंडाधिकारी अमन कुमार राय की शिकायत पर पुलिस ने एक शातिर युवक रवि कुमार को गिरफ्तार किया है. गया जिले के वजीरगंज का रहनेवाला रवि कुमार अपने मूल आधार कार्ड में इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से छेड़छाड़ कर दोबारा परीक्षा में शामिल हो रहा था. जांच में पता चला कि वह इससे पूर्व 14 जून को आरा (भोजपुर) के आरबीएस स्कूल में नाम बदलकर परीक्षा दे चुका था.
कोचस में हाइटेक उपकरणों के साथ गिरोह का सदस्य दबोचा
रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान परीक्षा में फर्जीवाड़ा कराने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग कैमूर जिले में परीक्षा केंद्र की ओर जा रहे हैं. महात्मा गांधी चौक पर जब एक संदिग्ध लग्जरी कार को रोका गया, तो उसका मुख्य सरगना नंदकिशोर पासवान (निवासी बेतिया) भीड़ का फायदा उठाकर भाग निकला, जबकि पश्चिम चंपारण के भुंटुन कुमार को पुलिस ने दबोच लिया. कार की तलाशी लेने पर एक काले बैग से दो वॉकी-टॉकी, तीन ब्लूटूथ डिवाइस, चार बुकलेट, तीन चार्जर, माइक रिसीवर, कनेक्टर और दो मोबाइल फोन सहित भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किये गये.
नवादा में ओएमआर की कार्बन कॉपी लेकर परीक्षार्थी फरार
नवादा के एसकेएम महाविद्यालय परीक्षा केंद्र पर एक परीक्षार्थी राहुल कुमार परीक्षा समाप्त होने के बाद ओएमआर शीट की मूल प्रति तो जमा कर दी, लेकिन उसकी कार्बन कॉपी लेकर फरार हो गया. कक्ष वीक्षक सतेंद्र प्रसाद की सूचना पर केंद्राधीक्षक ने नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है कि कार्बन कॉपी ले जाने के पीछे क्या मंशा थी.
Also Read: गया जी में सिपाही से साइबर ठगी, डॉक्टर के यहां नंबर लगाने के नाम पर खाते से उड़ाए 1.89 लाख रुपये
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Vikash Jha
विकाश झा एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और कंटेंट प्रोफेशनल हैं, जिन्हें मीडिया, डिजिटल कंटेंट और सोशल मीडिया कम्युनिकेशन के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक और माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया। News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया। स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं। क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं। उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










