बीपीएल महिला लाभुकों के साथ साथ उज्ज्वला योजना में सात नये केटेगरी को भी किया गया शामिल

Updated:
विज्ञापन

केंद्र सरकार के पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने सभी गैस एजेंसियों को जारी किया आदेश भभुआ सदर : अब बीपीएल कार्डधारी महिलाओं के साथ-साथ केंद्र सरकार के उज्ज्वला गैस योजना का लाभ एससी-एसटी और पिछड़े वर्ग के लोगों को भी मिलेगा. केंद्र सरकार ने बीपीएल कार्डधारी महिला लाभुकों के साथ-साथ इस योजना में सात […]

विज्ञापन

केंद्र सरकार के पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने सभी गैस एजेंसियों को जारी किया आदेश

भभुआ सदर : अब बीपीएल कार्डधारी महिलाओं के साथ-साथ केंद्र सरकार के उज्ज्वला गैस योजना का लाभ एससी-एसटी और पिछड़े वर्ग के लोगों को भी मिलेगा. केंद्र सरकार ने बीपीएल कार्डधारी महिला लाभुकों के साथ-साथ इस योजना में सात नये केटेगरी को भी शामिल किया गया है, जो कि अब से इस योजना के पात्र होंगे और उनके घर की महिलाओं को भी मुफ्त में गैस कनेक्शन दिया जायेगा. गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का विस्तार करते हुए एक अप्रैल से नयी गाइडलाइन जारी की है.
इसके तहत एससी-एसटी, अतिपिछड़ा के सात नयी श्रेणियों को इस योजना में शामिल किया गया है. इस योजना के तहत नये कनेक्शन जारी किये जायेंगे. केंद्र सरकार के पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा इसका आदेश सभी गैस एजेंसियों को जारी कर दिये गये हैं. इसके तहत एजेंसी को आवेदक का केवाईसी सहित अन्य दस्तावेजों के साथ प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का फाॅर्म विस्तारिक ग्राहक का पहचान जांच, राशन या आधार कार्ड की प्रति सहित गैस चूल्हे रिफिल के लिए लोन का फाॅर्म भरवाना होगा.
इसके लिए एजेंसी को परिवार के एक सदस्य का आधार कार्ड या राशन कार्ड की प्रति लेनी होगी, जिसमें उसका नाम दर्ज होने के साथ ही वह व्यस्क हो. इसके अलावे गैस एजेंसी के वितरक आवेदक की ओर से दिये गये दस्तावेजों की जांच राज्य सरकार के ऑनलाइन पोर्टल वेबसाइट या एनआईसी पोर्टल से स्क्रीन शॉर्ट लेकर अपने पास रिकॉर्ड के रूप में रखेंगे.
अलग से तैयार होगा पोर्टल : केंद्र सरकार ने हर घर में गैस पहुंचाने के उद्देश्य से उज्ज्वला योजना का विस्तार किया है. यहां पहले वर्ष 2019 तक पांच करोड़ बीपीएलधारियों को गैस कनेक्शन मुफ्त दिये जाने थे. इसमें अब तीन करोड़ का विस्तार किया गया है. इसके लिए एक अप्रैल से इसका अलग से पोर्टल तैयार किया गया है. इस पोर्टल पर इस योजना संबंधित हर जानकारी अपडेट की गयी है.
लाभुक कैसे कर सकते हैं आवेदन : योजना के लिए आवेदन करना बहुत ही आसान है, जो भी इच्छुक उम्मीदवार योजना का लाभ उठाना चाहते हैं. उन्हें योजना का आवेदन पत्र भर कर अपने नजदीकी एलपीजी वितरण केंद्र में जमा कराना है. उज्ज्वला योजना का आवेदन पत्र एलपीजी वितरण केंद्र से मुफ्त में प्राप्त किया जा सकता है अथवा ऑनलाइन भी डाउनलोड किया जा सकता है. दो पन्ने के आवेदन पत्र में मांगी गयी सभी जानकारी जैसे कि नाम, पता, आधार कार्ड नंबर, जन धन बैंक खाता संख्या भरना आवश्यक है. आवेदन पत्र भरने के समय ही आवेदक यह चयन कर सकता है कि उसे 14.2 किलो वाला गैस सिलिंडर चाहिए या फिर पांच किलो वाला.
पूरे बिहार में 59 प्रतिशत, तो कैमूर में 58.97 लाभुक
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत अब तक पूरे बिहार में इसके लाभुकों की संख्या जहां 59.65 प्रतिशत है. वहीं, पूरे कैमूर में अब तक 58.97 प्रतिशत गरीब लोगों को इसका लाभ मिल चुका है. कैमूर में अब तक 79 हजार 527 बीपीएल कार्डधारी महिलाओं को इसका लाभ प्राप्त हो चुका है. केंद्र सरकार द्वारा जारी किये गये नये निर्देशों के तहत आगामी 20 अप्रैल को जिले में उज्ज्वला दिवस मनाया जायेगा. इसके अंतर्गत सभी ब्लॉक में एलपीजी पंचायत का आयोजन किया जायेगा. एलपीजी पंचायत में महिलाओं से विचार विमर्श किया जायेगा.
उनसे प्रश्न होगा कि अगर वह एलपीजी इस्तेमाल करती हैं तो क्यों करती हैं. इससे उनको क्या फायदा है और नहीं इस्तेमाल कर पा रही हैं, तो क्या कठिनाइयां है. एलपीजी पंचायत में मुख्य रूप से पांच मूल बातों पर चर्चा होगी. इसमें स्वास्थ्य, पर्यावरण, आर्थिक, लागत सशक्तीकरण और सुरक्षा. उज्ज्वला दिवस पर प्रखंड के जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जायेगा. ताकि, वह भी लोगों को जागरूक कर सके.
योजना के लिए दस्तावेज जरूरी
योजना के लिए आवश्यक दस्तावेजों की प्रतिलिपि आवेदन पत्र के साथ ही जमा करानी होगी. जरूरी दस्तावेजों की सूची में राशन कार्ड, पहचान जैसे की आधार कार्ड या मतदाता पहचानपत्र, एक पासपोर्ट साइज फोटो, ड्राइविंग लाइसेंस, लीज करार, टेलीफोन बिल, बिजली या पानी का बिल, पासपोर्ट की प्रति राजपत्रित अधिकारी द्वारा सत्यापित, स्व-घोषणा पत्र, राशन कार्ड, फ्लैट आवंटन- कब्जा पत्र, आवास पंजीकरण, एलआईसी पॉलिसी, बैंक-क्रेडिट कार्ड स्टेटमेंट की जरूरत पड़ेगी.
जारी किये गये केटेगरी
क्या हैं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के उद्देश्य
केंद्र सरकार के उज्ज्वला योजना का मुख्य उद्देश्य पूरे भारत और खास कर बिहार में स्वच्छ ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देना है, जो कि मुफ्त में एलपीजी कनेक्शन वितरित करके पूरा किया जा सकता है. योजना के लागू करने का एक उद्देश्य यह भी है कि इससे महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा मिलेगा और महिलाओं के स्वास्थ्य की भी सुरक्षा की जा सकती है.
वैसे वर्तमान में उपयोग में आनेवाले अशुद्ध जीवाश्म ईंधन के उपयोग को कम करना और शुद्ध ईंधन के उपयोग को बढ़ा कर प्रदूषण में कमी लाना भी योजना के प्रमुख लक्ष्यों में से एक है, जो बीमारियां खाना बनाने के लिए उपयोग में आनेवाले अशुद्ध जीवाश्म ईंधन के जलने से होती हैं. उज्ज्वला योजना के लागू होने के बाद उनमें भी कमी आने की संभावना है. इस प्रकार यह योजना महिलाओं और बच्चों को स्वस्थ रखने में भी सहायक सिद्ध होगी.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन