30 करोड़ 55 लाख की लागत से बनेगा जलमीनार, दूर होगी फ्लोराइड की समस्या

Updated:
विज्ञापन

पीएचईडी बनायेगा जलमीनार, 17 वार्डों के लिए प्रथम चरण में हो चुका है टेंडर रामगढ़ प्रखंड है फ्लोराइड के प्रकोप से दूर मोहनिया सदर : मोहनिया अनुमंडल के पांच में से चार प्रखंड अब भी फ्लोराइड प्रभावित है. यहां के हजारों लोग अभी भी फ्लोराइडयुक्त दूषित जल पीने को विवश हैं. इन फ्लोराइड प्रभावित चार […]

विज्ञापन

पीएचईडी बनायेगा जलमीनार, 17 वार्डों के लिए प्रथम चरण में हो चुका है टेंडर

रामगढ़ प्रखंड है फ्लोराइड के प्रकोप से दूर
मोहनिया सदर : मोहनिया अनुमंडल के पांच में से चार प्रखंड अब भी फ्लोराइड प्रभावित है. यहां के हजारों लोग अभी भी फ्लोराइडयुक्त दूषित जल पीने को विवश हैं. इन फ्लोराइड प्रभावित चार प्रखंडों की 15 पंचायतों के 47 वार्डों में जल्द ही पीएचईडी लोगों को फ्लोराइड (दूषित जल) से बचाने के लिए फ्लोराइडरहित जलमीनार बनवाने की तैयारी में है. इसके लिए प्रथम चरण का टेंडर भी पास हो गया है. प्रथम चरण में 17 वार्डों में मुख्यमंत्री निश्चय योजना अंतर्गत जलमीनार का निर्माण कराया जायेगा. आगामी माह यानी अप्रैल में इन चयनित वार्डों में बोरिंग व जलमीनार का निर्माण कार्य शुरू हो जायेगा. शेष बचे 30 फ्लोराइड प्रभावित वार्डों में बोरिंग सहित जलमीनार का निर्माण द्वितीय चरण में होनेवाले टेंडर के बाद शुरू किया जायेगा. उक्त सभी वार्डों में जून माह तक जलमीनार के तैयार हो जाने की संभावना है.
क्या है इसकी विशेषता : मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना अंतर्गत हर घर नल का जल से ही जुड़ी यह योजना है, जो फ्लोराइड प्रभावित क्षेत्रों में लगायी जायेगी. इसके लिए प्रत्येक वार्ड पर आबादी के अनुसार 42 से 65 लाख रुपये लागत आयेंगी. इसमें फ्लोराइड टेटमेंट यूनिट प्लांट लगा होता है, जो पानी को तीन राउंड में रिफिल कर उसमें व्याप्त फ्लोराइड की मात्रा को समाप्त कर देता है. इस तरह लोगों को
फ्लोराइडरहित शुद्ध पेयजल मिलेगा. इसके लिए ग्रामीणों को किसी तरह का शुल्क नहीं देना होगा. विभागीय सूत्रों की मानें, तो इस पानी के लिए बीपीएल परिवारों को 30 रुपये व एपीएल परिवारों को 60 रुपये प्रतिमाह वाटर टैक्स देने की बात उठी थी. लेकिन, विभाग से किसी तरह का आदेश अभी नहीं मिला है. वहीं, नगर पंचायत व नगर पर्षद के लोगों को वाटर टैक्स देना होता है.
फ्लोराइड से होनेवाले रोग : अनुमंडलीय अस्पताल के वरीय चिकित्सा पदाधिकारी डॉ चंदेश्वरी रजक की माने तो फ्लोराइड प्रभावित पानी सबसे अधिक हड्डी व दांत को प्रभावित करता है. इसके प्रकोप से हड्डी कमजोर व टेढ़ी हो जाती है. दांत भी कमजोर होकर असमय टूट जाते हैं. पेट में अपचन की समस्या बढ़ जाती है. इसका सबसे अधिक प्रभाव छोटे बच्चों पर पड़ता है. उनकी हड्डियां कमजोर हो जाती है. इससे बचाव के लिए फ्लोराइडयुक्त पानी पीने से बचना चाहिए. साथ ही बच्चों को कैलशियम की दवा भी देनी चाहिए.
बोले एसडीओ
इस संबंध में पीएचईडी के एसडीओ अभय कुमार ने बताया कि फ्लोराइड प्रभावित वार्डों का चयन कर लिया गया है. प्रथम चरण का टेंडर भी हो गया है. पहले चरण में 17 वार्डों में काम अप्रैल में शुरू हो जायेगा. मोहनिया अनुमंडल के रामगढ़ प्रखंड में फ्लोराइड नहीं पाया गया है.
बोले जेई
इस संबंध में जेई दीपक कुमार ने बताया कि मोहनिया प्रखंड में इसका कार्य जल्द ही शुरू हो जायेगा. इसमें फ्लोराइड टेटमेंट यूनिट प्लांट लगा होता है, जो पानी को तीन राउंड में रिफिल कर फ्लोराइड को समाप्त कर देता है. इसके लिए ग्रामीणों को फिलहाल किसी तरह का शुल्क नहीं देना होगा. प्रत्येक घर को एक कनेक्शन दिया जायेगा.
प्रत्येक वार्ड में 65 लाख रुपये होंगे खर्च
फ्लोराइड प्रभावित प्रत्येक वार्ड में 65 लाख की लागत से बोरिंग, जलमीनार व पाइप लाइन बिछाने का कार्य किया जायेगा. इसके लिए फ्लोराइड प्रभावित अनुमंडल के चयनित 47 वार्डों में 30 करोड़ 55 लाख की लगत आयेगी. इस मिनी जलमीनार के निर्माण के बाद उक्त सभी वार्डों में लोगों को स्वच्छ व शुद्ध पेयजल सुगमता से मिलना शुरू हो जायेगा. इससे इन वार्डों में दूषित जल पीने से होनेवाली बीमारियों से लोगों को छुटकारा मिल जायेगा और लोग फ्लोराइड पानी के दुष्प्रभाव से होनेवाली हड्डी, दांत व पेट की कई बीमारियों से बच जायेंगे. लोगों को अपनी मेहनत की गाढ़ी कमाई का एक बड़ा भाग दूषित पानी से फैलनेवाले रोगों के इलाज पर नहीं खर्च करना पड़ेगा.
फ्लोराइड प्रभावित प्रखंड व वार्ड
प्रथम चरण में चयनित वार्ड
मोहनिया प्रखंड की बढुपर पंचायत के वार्ड एक, चार व पांच, दादर पंचायत के वार्ड सात, शहबाजपुर पंचायत के वार्ड एक, कुदरा प्रखंड की पचपोखरी पंचायत के वार्ड दो, सकरी पंचायत के वार्ड तीन, चार, आठ, सलथुआ पंचायत के वार्ड आठ, ससना पंचायत के वार्ड चार, नुआंव प्रखंड की अखिनी पंचायत के वार्ड छह, पजरांव पंचायत के वार्ड एक, दो, तीन, कोटा पंचायत के वार्ड एक व दुर्गावती प्रखंड की कल्याणपुर पंचायत के वार्ड तीन का चयन प्रथम चरण के लिए किया गया है. इसका टेंडर भी हो चुका है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन