विरोध पर ट्रक चालक व गार्ड को मारी गोली, एक की मौत

Updated:
विज्ञापन

कुदरा : कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र स्थित पछाहगंज के पास एनएच दो के किनारे मामा-भगीना लाइन होटल के समीप शनिवार की रात एक ट्रक को लूटने आये हथियारबंद अपराधियों ने लूट का विरोध करने पर ट्रक चालक को गोली मारी दी. वहीं, गोली की आवाज सुन कर बचाव के लिए आये होटल के […]

विज्ञापन
कुदरा : कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र स्थित पछाहगंज के पास एनएच दो के किनारे मामा-भगीना लाइन होटल के समीप शनिवार की रात एक ट्रक को लूटने आये हथियारबंद अपराधियों ने लूट का विरोध करने पर ट्रक चालक को गोली मारी दी. वहीं, गोली की आवाज सुन कर बचाव के लिए आये होटल के गार्ड को भी अपराधियों ने गोली मार दी.
इस घटना में ट्रक चालक अशोक कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि गार्ड रवींद्र तिवारी उर्फ लखन तिवारी गंभीर रूप से जख्मी हो गये. मृतक यूपी के इलाहाबाद का रहनेवाला बताया गया है. रवींद्र तिवारी पचपोखरी गांव के रहनेवाले हैं. घायल गार्ड को कुदरा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह कोलकाता से गैस पाइप लोड कर उक्त ट्रक पुसौली के कारीगांव के पास गैस प्लांट में आ रहा था.
इस दौरान ट्रक चालक कुदरा के पछाहगंज के मामा-भगीना होटल के पास ट्रक को रोका और शनिवार की सुबह होटल में खाना खाया और अपने ट्रक में मच्छरदानी लगा कर सो गया. रात करीब 09:35 बजे तीन की संख्या में बाइक सवार अपराधी ट्रक के अंदर घुस कर लूटपाट करने लगे. इसे देख होटल की बगल के एक टायर दुकानदार ने होटल के गार्ड को इस बारे में बताया. ट्रक चालक बाइक सवार तीन अपराधियों के डर से चुपचाप था.
लेकिन, होटल के गार्ड को अपने ट्रक के समीप आते देख उसकी हिम्मत बढ़ गयी और ट्रक से नीचे उतर कर अपराधियों से लड़ने लगा. इधर, ट्रक के पास पहुंचे होटल के गार्ड रवींद्र ने पहले लाठी से अपराधियों की बाइक पर प्रहार किया. इसे देख अपराधी अपने को घिरा महसूस करने लगे और इसी दौरान ट्रक चालक को छाती में गोली मार दी. गोली लगने के बाद खून से लथपथ ट्रक चालक सड़क पर जा गिरा और उसकी मौत हो गयी. इस बीच, गोली चलने से ट्रक चालक की मौत देख गार्ड होटल की तरफ भागने लगा, जिसे पीछे से अपराधियों ने दो गोलियां मारीं. इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं, अपराधी घटना को अंजाम देकर कुदरा बाजार की तरफ भाग गये. घटना की जानकारी लोगों ने पुलिस को दी. बताया जाता है कि अपराधी तीन की संख्या में अपाची बाइक से आये थे. बाइक पर एक अपराधी दिखने में मोटा था. बाकी दो पतले थे.
सीसीटीवी कैमरे का फुटेज खंगाला
इधर, घायल गार्ड को परिजन पीएचसी कुदरा में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ले गये, जहां गार्ड की स्थिति अभी सामान्य है.
वहीं, घटना की सूचना पर मोहनिया डीएसपी मनोज राम, मोहनिया थानाध्यक्ष मनोज कुमार सहित कुदरा थानाध्यक्ष राजीव रंजन और भारी संख्या में पुलिस बल ने घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच की. पुलिस द्वारा घटनास्थल की बगल स्थित एक राइस मिल में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच की. शनिवार की रात ही कई लाइन होटलों पर पुलिस ने छापेमारी की. ट्रक चालक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए रविवार की सुबह सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया.
क्या कहती हैं एसपी
इस संबंध में एसपी हरप्रीत कौर ने बताया कि अपराधियों द्वारा ट्रक चालक की गोली मार कर हत्या कर दी गयी है. होटल के गार्ड को भी गोली मारी गयी है. लूट सहित अन्य सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गयी है. घटना से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर बहुत जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन