नीतीश ने कही बड़ी बात, बताया- कुछ इस तरह भला होगा देश का

Updated:
विज्ञापन

जहानाबाद : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि नशामुक्त समाज से ही देश का भला होगा. उन्होंने कहा कि पूर्ण शराबबंदी के बाद राज्य में बदलाव आया है. पहले जो शराब पीते थे, अब उनके घरों में खुशियां लौट आयी हैं. मुख्यमंत्री गुरुवार को जहानाबाद के ओकरी गांव में बीबीएम कॉलेज में आयोजित जनसभा को […]

विज्ञापन
जहानाबाद : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि नशामुक्त समाज से ही देश का भला होगा. उन्होंने कहा कि पूर्ण शराबबंदी के बाद राज्य में बदलाव आया है. पहले जो शराब पीते थे, अब उनके घरों में खुशियां लौट आयी हैं. मुख्यमंत्री गुरुवार को जहानाबाद के ओकरी गांव में बीबीएम कॉलेज में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे. वह राज्यसभा सांसद महेंद्र प्रसाद सिंह उर्फ किंग महेंद्र की मां मुलूकरानी देवी की प्रतिमा का अनावरण करने पहुंचे थे. जनसभा में मुख्यमंत्री ने जहानाबाद और अरवल में इंजीनियरिंग कॉलेज खोले जाने की घोषणा भी की.
मुख्यमंत्री ने कहा, पहले शहरों से गांव तक शाम ढलते ही शराबियों का हंगामा मचा रहता था, लेकिन आज माहौल बदला है. शराब में बरबाद हो रहे पैसों से घरों में खुशहाली लौटी है. अब शाम में पति शराब के बजाय सब्जियां ला रहे हैं और पत्नी से मीठे बोल रहे हैं. यही परिवर्तन है. उन्होंने कहा कि जनचेतना के बगैर कुछ भी संभव नहीं. कानून से भी बड़ी है जनचेतना. इसी बीच समूह को शराबबंदी के लिए संकल्प दिलाते हुए सीएम ने सभी का साथ मांगा. उन्होंने हाथ उठाने के लिए कहा, तो जोरदार समर्थन भी मिला. सीएम ने लोगों को रामनवमी की बधाई भी दी. मुख्यमंत्री ने कहा कि शराबबंदी पर बिहार के लोगों ने मानव शृंखला बना कर दुनिया में नजीर पेश की है. अगर पूरा देश नशामुक्त हो जाये, तो तरक्की को कोई रोक नहीं सकता. भ्रष्टाचार पर चोट करते हुए सीएम ने कहा कि कफन में जेब नहीं होती, फिर भी नाजायज दौलत कमाने की होड़ मची है.
इससे पहले सीएम ने मंडयी और उदेरा स्थान वीयर का निरीक्षण किया. उन्होंने मंडयी वीयर का निर्माण एक से डेढ़ वर्षों के अंदर पूरा कराने का वादा किया. कहा कि वीयर निर्माण में आ रही अड़चनों को सरकार जल्द दूर करेगी. जिन किसानों की जमीन ली जायेगी, उन्हें मुआवजा दिया जायेगा. सीएम के साथ जल संसाधन मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह, पीएचइडी मंत्री कृष्णनंदन वर्मा, राज्यसभा के जदयू सांसद महेंद्र प्रसाद, विधायक सत्यदेव कुशवाहा, सूबेदार दास व अशोक कुमार, विधान पार्षद संजीव श्याम समेत कई लोग मंच पर मौजूद थे. अतिथियों का स्वागत भोला बाबू और मंच संचालन कॉलेज के प्राचार्य राजकिशोर शर्मा ने किया .
जहानाबाद नगर. सीएम ने कहा कि सरकार सात निश्चय के तहत सभी जिलों में शिक्षण संस्थानों की स्थापना कर रही है. प्रदेश में पांच नये मेडिकल कॉलेजों की स्थापना की जा रही है. सरकार निजी विश्वविद्यालय खोलने का अवसर भी दे रही है. प्रदेश में शिक्षण संस्थानों की कमी है, जिसे निजी भागीदारी से ही दूर किया जा सकता है. उद्यमी निजी विश्वविद्यालय स्थापित करने के लिए आगे आएं, सरकार का भरपूर सहयोग मिलेगा. जनसभा में मुख्यमंत्री ने राज्यसभा सांसद महेंद्र प्रसाद उर्फ किंग महेंद्र से कहा कि आपके पास संपत्ति की कमी नहीं है. इस तरह के संस्थान अन्य जिलों में भी खोलें, जहां बच्चे बेहतर शिक्षा प्राप्त कर सकें. उन्होंने कहा कि जहानाबाद जिले में एक से बढ़ कर एक लोग हैं, जो निजी विवि की स्थापना कर सकते हैं.
चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान बने ऑटोनोमस व सेल्फ डिपेंडेंट : सीएम
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान (सीआइएमपी) के शासी निकाय की बैठक की. उन्होंने कहा कि सीआइएमपी को ऑटोनोमस और सेल्फ डिपेंडेंट होना चाहिए. बैठक में इस संस्थान में छात्र-छात्राओं की संख्या को बढ़ाने पर भी चर्चा की गयी. मालूम हो कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ही पहल पर राज्य के बेहतर प्रबंधन संस्थान के रूप में इसकी स्थापना की गयी है. बैठक में संस्थान के निदेशक डॉ वी मुकुंद दास ने बताया कि संस्थान को पांच अंतरराष्ट्रीय और दो राष्ट्रीय अवार्ड मिले हैं. यहां के छात्र-छात्राओं का सौ प्रतिशत प्लेसमेंट होता है. इनमें 52% छात्र-छात्राएं बिहार में ही काम कर रहे हैं. काफी छात्र-छात्राएं जीविका में काम कर रहे हैं.
उन्होंने बताया कि संस्थान के भवन निर्माण के फेज वन का कार्य पूरा हो गया है और दूसरा फेज प्रक्रियाधीन है. संस्थान की वित्तीय स्थिति की भी समीक्षा की गयी. बैठक में मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह, विकास आयुक्त शिशिर कुमार सिन्हा, शिक्षा के प्रधान सचिव शिक्षा आरके महाजन, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार व सचिव मनीष कुमार वर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन