अरवल : अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त दिखीं एसपी नवजोत सिमी, सभी थानाध्यक्षों को दिए अहम निर्देश
अपराध नियंत्रण को लेकर बैठक करती एसपी नवजोत सिमी
Arwal Crime Meeting : अरवल में पुलिस अधीक्षक डॉ. नवजोत सिमी की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित हुई. बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन, साइबर अपराध रोकथाम, शराब तस्करी पर कार्रवाई और नियमित गश्ती को लेकर सभी थानाध्यक्षों को आवश्यक निर्देश दिए गए.
Arwal Crime Meeting : (निशिकांत की रिपोर्ट) पुलिस अधीक्षक डॉ. नवजोत सिमी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया. बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, थानाध्यक्ष, शाखा प्रभारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए. इस दौरान विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन और पुलिसिंग व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई.
नियमित गश्ती और वाहन जांच पर विशेष जोर
पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय एवं जनोन्मुखी पुलिसिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने तथा अपराधियों में पुलिस का भय कायम करने के लिए नियमित गश्ती, वाहन जांच और संवेदनशील एवं अपराध प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए. प्रातःकालीन, मध्याह्न, संध्याकालीन एवं रात्रिकालीन गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया गया.
लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
बैठक में लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए सभी अनुसंधानकर्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध अनुसंधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. गंभीर एवं सनसनीखेज मामलों के शीघ्र उद्भेदन, आरोप पत्र समर्पण, स्पीडी ट्रायल तथा न्यायालय से निर्गत लंबित वारंट, इश्तहार एवं कुर्की के निष्पादन में तेजी लाने को कहा गया. साथ ही फरार और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
अपराधियों और माफियाओं पर रहेगी कड़ी नजर
एसपी ने जेल से छूटे अपराधियों, सक्रिय अपराधियों, शराब तस्करों, भू-माफियाओं, एनडीपीएस एक्ट के आरोपितों तथा लूट, डकैती और चोरी जैसे संगठित अपराधों में शामिल लोगों पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया. उन्होंने अपराधियों द्वारा अर्जित अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर जब्ती और कुर्की की कार्रवाई में तेजी लाने पर भी जोर दिया.
साइबर अपराध और शराबबंदी अभियान की समीक्षा
गोष्ठी में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं साइबर ठगी के मामलों की समीक्षा की गई. आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने तथा इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. वहीं मद्यनिषेध अभियान के तहत शराब निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाने की बात कही गई.
तकनीकी संसाधनों के उपयोग पर दिया बल
बैठक के दौरान डायल-112 सेवा, सीसीटीएनएस प्रणाली, तकनीकी अनुसंधान, अपराधियों के डिजिटल डाटा संधारण और अन्य तकनीकी परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई. एसपी ने तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर अनुसंधान और अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया.
लापरवाही पर होगी विभागीय कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ने भूमि विवाद से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन, जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान, साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी पदाधिकारियों और कर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी. साथ ही सभी पुलिस पदाधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनविश्वास मजबूत करने के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें : अरवल में भाकपा ने किसान, मजदूर और गरीबों के मुद्दों पर खोला मोर्चा, 16 सूत्री मांगों को लेकर डीएम को सौंपा ज्ञापन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Nikhil Anurag
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर पलायन कर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










