शहर में शिथिल पड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 29 May 2018 4:54 AM

विज्ञापन

उपेक्षा. अवैध कब्जा हटाने की मुहिम में बरती जा रही प्रशासनिक लापरवाही जहानाबाद : वर्षों से जहानाबाद शहर के प्राय: सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर अतिक्रमण की समस्या है जिसका खामियाजा वाहनचालकों के साथ ही पैदल चलने वालों को भी भुगतना पड़ रहा है. शहर की सड़कों को अवैध कब्जे से मुक्त कराने के लिए कई […]

विज्ञापन

उपेक्षा. अवैध कब्जा हटाने की मुहिम में बरती जा रही प्रशासनिक लापरवाही

जहानाबाद : वर्षों से जहानाबाद शहर के प्राय: सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर अतिक्रमण की समस्या है जिसका खामियाजा वाहनचालकों के साथ ही पैदल चलने वालों को भी भुगतना पड़ रहा है. शहर की सड़कों को अवैध कब्जे से मुक्त कराने के लिए कई बार प्रशासनिक योजनाएं बनी. अवैध कब्जा हटाने की शुरुआत भी हुई, लेकिन अभियान के शिथिल पड़ जाने से समस्याएं यथावत बनी है. अभी हाल के दिनों में ही लाउडस्पीकर से प्रचार-प्रसार कर अवैध कब्जा हटाने की चेतावनी दी गयी थी और अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया गया था, लेकिन एक दिन कारगिल चौक के समीप और तीन दिनों बाद मलहचक रोड में अलगना नाले पर मात्र कुछ गुमटियां हटाकर अभियान को बंद कर दिया गया. सबसे जटिल समस्या काको मोड़ से लेकर अरवल मोड़,
अस्पताल मोड़ से मटकोरी कुआं-पीली कोठी तक, अरवल मोड़ से राजाबाजार और मलहचक मोड़ पर है, जहां अतिक्रमणकारियों ने अवैध कब्जे का ऐसा जाल फैला रखा है कि रोज सड़क जाम में फंस कर लोग कराह रहे हैं. उक्त स्थलों पर प्रशासन द्वारा लगातार सघन अभियान चलाने पर ही शहरवासियों और ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले लोगों को जाम की समस्या से काफी हद तक छुटकारा मिल सकता है, लेकिन ऐसा हो नहीं रहा है. इस मामले में प्रशासन उदासीन साबित हो रहा है.
काको रोड व अरवल मोड़ पर वाहन टर्न करने में होती है परेशानी :उक्त दोनों स्थान शहर का ऐसा है जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटी-बड़ी गाड़ियों का आवागमन होता है. यात्री वाहनों के साथ-साथ व्यावसायिक वाहन एनएच 83 व 110 से गुजरती है. विडंबना है कि काको मोड़ से लेकर बस पड़ाव के आगे तक और अरवल मोड़ पर सड़क के तीनों तरफ अतिक्रमणकारी काबिज हैं. ऐसी हालत में खासकर बड़े वाहनों को टर्न करने में काफी जद्दोजहद झेलनी पड़ती है. अतिक्रमण के कारण ही उक्त दोनों स्थानों के अलावा स्टेशन रोड और मटकोरी कुआं के इलाके में प्रतिदिन जाम की समस्या उभरती है जिसमें हरेक वर्ग के लोग फंसकर इस भीषण गर्मी में कराह रहे हैं.
ऊंटा मोड़ से काको मोड़ के बीच स्टेशन रोड के इलाके में अतिक्रमणकारियों ने हद कर दी है. सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ पर भी दुकानें सजा दी गयी हैं. इसके अलावा सड़कों पर भी ठेले-गुमटियां लगाकर फुटपाथी दुकानदार धंधा कर रहे हैं. इससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है. ऊंटा सब्जी मंडी के पास लोग वाहनों को खड़ा कर देते हैं जिससे सड़क संकीर्ण हो जाती है. इस स्थान पर पूर्व के दिनों में अतिक्रमण के कारण ही दो घटनाएं घट चुकी है. दो लोगों की मौत हो चुकी है. गुस्साई भीड़ द्वारा दुर्घटना के बाद ट्रक को फूंक दिया गया था. इस घटना के बाद अतिक्रमण हटाया गया था, लेकिन सख्ती नहीं बरते जाने के कारण पुन: सड़क पर धंधा किया जा रहा. हालांकि फुटपाथी दुकानदारों ने वेंडिंग जोन बना रोजगार के लिए जगह उपलब्ध कराने की मांग लंबे समय से करते आ रहे हैं, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है. लाचार गरीब सड़क पर ही कारोबार करने पर विवश हैं.
हटाया जा रहा अवैध कब्जा
शहर को अतिक्रमण से मुक्त करने के लिए प्रशासन सजग है. अभियान की शुरुआत की गयी है. इरकी रेलवे गुमटी से लेकर कारगिल चौक तक और मलहचक रोड में अलगना नाला पर किये गये अवैध कब्जे हटाये गये हैं. अब अभियान राजाबाजार के इलाके में चलाया जायेगा. एनएच 83 पर भी सघन ढंग से अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जायेगा. फुटपाथी दुकानदारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जायेगी.
संजीव कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पर्षद, जहानाबाद
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन