ePaper

चार दिनों से विवाहित बहन से कोई संपर्क नहीं, भाई ने एसपी से लगायी गुहार

Updated at : 10 Oct 2025 9:19 PM (IST)
विज्ञापन
चार दिनों से विवाहित बहन से कोई संपर्क नहीं, भाई ने एसपी से लगायी गुहार

जिले के सदर थाना क्षेत्र के खड़सारी गांव निवासी एक विवाहिता के लापता होने का मामला सामने आया है. इसे लेकर विवाहिता के भाई ने एसपी को आवेदन देकर अपनी बहन की सलामती की गुहार लगायी है.

विज्ञापन

जमुई . जिले के सदर थाना क्षेत्र के खड़सारी गांव निवासी एक विवाहिता के साथ दहेज प्रताड़ना और उसके लापता होने का मामला सामने आया है. इसे लेकर विवाहिता के भाई ने एसपी को आवेदन देकर अपनी बहन की सलामती की गुहार लगायी है. नालंदा जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र निवासी गुलशन कुमार ने एसपी विश्वजीत दयाल को दिये आवेदन में अपनी बहन सीमा कुमारी की हत्या की आशंका जतायी है और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाया है. गुलशन कुमार ने बताया कि उसकी बहन सीमा कुमारी की शादी पिछले साल 10 मई को हिंदू रीति-रिवाज से जमुई टाउन थाना क्षेत्र के खड़सारी गांव निवासी चंदन पंडित से हुई थी. शादी के शुरुआती कुछ दिनों तक सब सामान्य रहा, लेकिन बाद में उसका पति चंदन पंडित काम के सिलसिले में हरियाणा चला गया. पति के जाने के बाद ससुराल पक्ष ने सीमा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया. गुलशन ने बताया कि उसके बहन के ससुराल वाले दहेज के रूप में लगातार 5 लाख 50 हजार रुपये की मांग कर रहे थे. जब मांग पूरी नहीं हुई, तो सीमा को घर में परेशान किया जाने लगा. गुलशन ने बताया कि सीमा ने फोन पर कई बार अपनी पीड़ा साझा की थी. उसने बताया था कि उसका देवर सीताराम पंडित उस पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालता था. उसे ठीक से भोजन नहीं दिया जाता था और कई बार भूखा रखा जाता था. गुलशन ने बताया कि पिछले चार से पांच दिनों से सीमा से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है. छह अक्तूबर को ससुराल वालों ने फोन कर बताया कि सीमा घर पर नहीं है और कहीं चली गयी है. परिजनों ने अपने स्तर पर खोजबीन की, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है. गुलशन ने आशंका जताते हुए कहा कि ससुराल पक्ष ने मिलकर सीमा की हत्या कर दी है और साक्ष्य मिटाने की कोशिश की जा रही है. उसने एसपी से मांग की है कि सीमा की स्थिति का पता लगाया जाये और यदि वह जीवित है तो उसे शीघ्र बरामद किया जाये. साथ ही आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर न्याय दिलाया जाये. पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है. सदर थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने कहा कि आवेदन मिला है और सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
PANKAJ KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन