तेज आंधी और बारिश के दौरान ठनका गिरने से बिदुपुर में दो लोगों की मौत

बिदुपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की दोपहर अचानक आयी तेज आंधी और बारिश ने कहर बरपा दिया.
बिदुपुर. बिदुपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की दोपहर अचानक आयी तेज आंधी और बारिश ने कहर बरपा दिया. मौसम की इस विपदा ने दो लोगों की जान ले ली, जबकि कई इलाकों में पेड़ गिरने और फसलों के चौपट होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया. मृतकों में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग हैं, वहीं दूसरी घटना में नौ वर्षीय निशांत की मौत हो गयी है. पहली घटना बिदुपुर के दाउदनगर मठखनवा गांव की है, यहां 70 वर्षीय राम प्रवेश चौधरी पर आसमानी बिजली गिर गयी. मृतक के पुत्र अविनाश कुमार ने बताया कि उनके पिता आंधी-बारिश के बाद आम के बगीचे में पेड़ देखने गये थे. अचानक बारिश तेज होने पर वह वहीं मचान पर बैठ गये, तभी बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गये. परिजन उन्हें तुरंत बिदुपुर सीएचसी ले गये, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. दूसरी घटना थाना क्षेत्र के चांदपुरा गांव में हुई. यहां नौ वर्षीय निशांत कुमार, पिता सिनोद पासवान आम के बगीचे में खेल रहा था, तभी तेज हवा और बारिश के दौरान ठनका गिरने से उनकी मौत हो गयी. बच्चे को तत्काल हाजीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत करार दे दिया. आंधी और पानी ने क्षेत्र में भारी तबाही भी मचायी है. तेज हवा और पानी से दर्जनों जगहों पर पेड़ उखड़कर गिर गये बाजार की कई दुकानों के शेड उड़कर दूर जा गिरे गिरे पेड़ों के कारण यातायात भी ठप हो गया. मुख्य रूप से चकसिकंदर शिव मंदिर के पास सड़क, रजासन में एक दुकान पर, बिदुपुर थाने में जब्त वाहन पर, मायाराम हाट रोड, रामदौली गंगा घाट रोड और बिदुपुर आरएस रोड पर पेड़ गिरे हैं. केला की फसल पूरी तरह नष्ट हो गयी. वहीं चेचर संग्रहालय पर भी विशाल पेड़ टूट कर गिर गया, जिससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और संग्रहालय को भी आंशिक क्षति हुई है. हाजीपुर मार्ग, मयाराम हाट और रजासन मार्ग किनारे पेड़ गिरने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया. इन जगहों पर वाहनों की लंबी कतारें फंसी हुई हैं. आसमानी आपदा ने जानमाल का भारी नुकसान पहुंचाया है. प्रशासन ने राहत कार्य शुरू कर दिया है. बराटी महादलित टोली में पेड़ गिर जाने से हाजीपुर-जंदाहा रोड में आवागमन बाधित हुआ है, वहीं कई जगहों पर बिजली के तार टूट जाने से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










