जयप्रकाश विश्वविद्यालय की स्नातक तीसरी मेधा सूची में देरी, हजारों छात्रों का इंतजार बढ़ा

Updated:
विज्ञापन
साइबर कैपे में जानकारी लेती छात्राएं

साइबर कैपे में जानकारी लेती छात्राएं

Gopalganj News : जयप्रकाश विश्वविद्यालय की स्नातक सत्र 2026-30 की तीसरी मेधा सूची जारी होने का इंतजार कर रहे हजारों छात्र-छात्राएं लगातार निराश हो रहे हैं. नामांकन प्रक्रिया में हो रही देरी से विद्यार्थियों और अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है.

विज्ञापन

Gopalganj News : जयप्रकाश विश्वविद्यालय के स्नातक सत्र 2026-30 में नामांकन के लिए तीसरी मेधा सूची जारी होने का इंतजार कर रहे हजारों छात्र-छात्राओं को लगातार दूसरे दिन निराश होना पड़ा. विश्वविद्यालय की ओर से रविवार 26 जुलाई को तीसरी मेधा सूची जारी होने की संभावना जताई गई थी, लेकिन निर्धारित समय पर सूची जारी नहीं हो सकी. इसके बाद अभ्यर्थियों को सोमवार तक सूची जारी होने की उम्मीद थी, लेकिन देर शाम तक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर तीसरी मेधा सूची अपलोड नहीं की गई. इससे नामांकन को लेकर विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है.

वेबसाइट पर निगाहें टिकाए रहे छात्र, कॉलेजों में भी ली जानकारी

सोमवार सुबह से ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर तीसरी मेधा सूची जारी होने का इंतजार करते रहे. कई अभ्यर्थी अपने-अपने कॉलेजों में भी जानकारी लेने पहुंचे, लेकिन कॉलेज प्रशासन भी विश्वविद्यालय की ओर से सूची जारी होने की प्रतीक्षा करता रहा. मेधा सूची जारी नहीं होने के कारण नामांकन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी और विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

छह हजार से अधिक सीटों पर होना है नामांकन

गोपालगंज जिले के अंगीभूत, संबद्ध और राजकीय डिग्री कॉलेजों में पहली और दूसरी मेधा सूची के आधार पर नामांकन के बाद भी छह हजार से अधिक सीटें रिक्त बताई जा रही हैं. इन सीटों पर तीसरी मेधा सूची के माध्यम से नामांकन होना है. मेधा सूची में हो रही देरी का सबसे अधिक असर उन विद्यार्थियों पर पड़ रहा है, जिनका अब तक किसी भी कॉलेज में चयन नहीं हो सका है. ऐसे छात्र लगातार विश्वविद्यालय और कॉलेजों से नामांकन संबंधी जानकारी जुटाने में लगे हुए हैं.

सहायता केंद्र भी सूची जारी होने की प्रतीक्षा में

विश्वविद्यालय के निर्देश के अनुसार तीसरी मेधा सूची जारी होने के बाद सभी अंगीभूत और संबद्ध महाविद्यालयों में छात्र सहायता केंद्र सक्रिय किए जाएंगे. इन केंद्रों पर अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा और नामांकन से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाएगा. फिलहाल सूची जारी नहीं होने के कारण सहायता केंद्रों की नियमित नामांकन प्रक्रिया भी शुरू नहीं हो सकी है.

सूची जारी होते ही शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया

तीसरी मेधा सूची जारी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय की वेबसाइट से अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड कर संबंधित कॉलेज में ऑनलाइन आवेदन पत्र, इंटर का अंकपत्र, उत्तीर्णता प्रमाण-पत्र, प्रवेश पत्र, पासपोर्ट आकार का फोटो और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा. दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही नामांकन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. यदि तीसरी मेधा सूची के बाद भी सीटें रिक्त रहती हैं तो विश्वविद्यालय स्पॉट नामांकन पर निर्णय ले सकता है. हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है. फिलहाल हजारों विद्यार्थियों की निगाहें जयप्रकाश विश्वविद्यालय की ओर टिकी हुई हैं और वे तीसरी मेधा सूची जारी होने का इंतजार कर रहे हैं.

Also Read : सीवान फायरिंग मामले पर डीएम का बयान, 'स्वचालित हथियार से गोली लगने की पुष्टि नहीं', वायरल वीडियो के बाद सिपाही निलंबित



विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन