सीवान फायरिंग मामले पर डीएम का बयान, 'स्वचालित हथियार से गोली लगने की पुष्टि नहीं', वायरल वीडियो के बाद सिपाही निलंबित

सीवान के डीएम विवेक रंजन मैत्रेय व एसपी पूरन कुमार झा की तस्वीर
Siwan News : सीवान में बिहार बंद के दौरान हुई हिंसा और पुलिस फायरिंग मामले में जिलाधिकारी ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि स्वचालित हथियारों से गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है, केवल हवाई फायरिंग हुई थी. वायरल वीडियो के आधार पर एक सिपाही को निलंबित कर दिया गया है.
Siwan News : बिहार बंद के दौरान सीवान में हुए उग्र प्रदर्शन और पुलिस फायरिंग के मामले में जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने सोमवार को कहा कि किसी भी प्रदर्शनकारी को स्वचालित हथियार से गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है. उन्होंने बताया कि घटना के दौरान केवल हवाई फायरिंग की गई थी, जिसका वीडियो साक्ष्य प्रशासन के पास उपलब्ध है. वहीं, वायरल वीडियो में गोली चलाते दिखे एक सिपाही को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
डीएम बोले- घायलों की स्थिति खतरे से बाहर
जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने बताया कि घटना में घायल हुए लोगों का पहले सदर अस्पताल, सीवान में उपचार कराया गया. इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें मेदांता अस्पताल भेजा गया. उन्होंने कहा कि घायलों में एक व्यक्ति को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि अन्य दो घायल खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज जारी है.
जिले में स्थिति सामान्य, अफवाहों से बचने की अपील
डीएम ने कहा कि वर्तमान में जिले की विधि-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है. उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने तथा शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की.
कानून-व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे डीएम और एसपी
घटना के बाद जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय और पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने क्षेत्र का दौरा कर कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया. अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
वायरल वीडियो की जांच के बाद सिपाही निलंबित
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि हाल ही में हुए विरोध-प्रदर्शन के दौरान गोली चलाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वीडियो की जांच में एक सिपाही द्वारा गोली चलाने की पुष्टि हुई. प्रथम दृष्टया नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आने पर संबंधित सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
एसओपी के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
एसपी ने कहा कि किसी भी स्थिति में पुलिस बल को निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन करना अनिवार्य है. यदि कोई पुलिसकर्मी नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है, लेकिन हर कार्रवाई निर्धारित नियमों के अनुरूप ही होनी चाहिए.
विभागीय जांच जारी
पुलिस प्रशासन के अनुसार, सिपाही के निलंबन के बाद वायरल वीडियो को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगा है. पूरे मामले की विभागीय जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










