सीवान में 100 फीट ऊंचा जगन्नाथ मंदिर के स्वरूप का बनेगा पूजा पंडाल, भूमि पूजन के साथ निर्माण शुरू

Updated:
विज्ञापन

पूजा पंडाल निर्माण को लेकर भूमि पूजन में शामिल लोग फोटो जगन्नाथ मंदिर का तस्वीर | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

इस बार सीवान में दुर्गा पूजा के दौरान 100 फीट ऊंचा जगन्नाथ मंदिर के स्वरूप का भव्य पंडाल आकर्षण का केंद्र बनेगा. सद्भावना दुर्गा पूजा सेवा समिति द्वारा बनाए जा रहे इस विशाल पंडाल का भूमि पूजन हो चुका है और पश्चिम बंगाल के कारीगरों ने निर्माण शुरू कर दिया है.

विज्ञापन

Siwan News : शहर के ललित बस स्टैंड में इस बार दुर्गा पूजा के दौरान 100 फीट ऊंचा जगन्नाथ मंदिर के स्वरूप का भव्य पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनेगा. सद्भावना दुर्गा पूजा सेवा समिति की ओर से तैयार कराये जा रहे पंडाल का निर्माण शुरू करने से पहले शुक्रवार को विधिवत भूमि पूजन कराया गया. पूजा में समिति के अध्यक्ष उदय वर्मा यजमान के रूप में शामिल हुए. भूमि पूजन के बाद पश्चिम बंगाल से पहुंचे कारीगरों ने पंडाल निर्माण का काम शुरू कर दिया.

विज्ञापन

100 फीट ऊंचा और 90 फीट चौड़ा होगा पंडाल

ललित बस स्टैंड में बनाये जा रहे पूजा पंडाल की चौड़ाई 90 फीट और लंबाई 95 फीट होगी. इसकी ऊंचाई करीब 100 फीट रखी जायेगी. पंडाल को जगन्नाथ मंदिर का स्वरूप देने के लिए पश्चिम बंगाल के बर्दवान जिले से मुख्य कलाकार को बुलाया गया है. उनके साथ करीब 25 कारीगर निर्माण कार्य में जुटे हैं.

पंडाल को आकर्षक बनाने के लिए फूलों, गुलदस्तों और थर्मोकॉल से सजावट की जायेगी. पंडाल के बाहरी परिसर के साथ श्रद्धालुओं के आने-जाने वाले रास्तों पर भी आकर्षक रोशनी की व्यवस्था होगी. पूजा के दौरान पूरा परिसर रोशनी से जगमगाता नजर आयेगा.

बंगाल के कारीगर तैयार कर रहे देवी-देवताओं की प्रतिमाएं

पंडाल में स्थापित की जाने वाली मां दुर्गा समेत अन्य देवी-देवताओं की भव्य प्रतिमाएं भी तैयार की जा रही हैं. इसके लिए पश्चिम बंगाल से ही कारीगर बुलाये गये हैं. मां दुर्गा की ऊंची प्रतिमा के साथ मां लक्ष्मी, मां सरस्वती, भगवान गणेश और भगवान कार्तिकेय की प्रतिमाएं बनायी जा रही हैं.

समिति की योजना पंडाल और प्रतिमाओं के साथ पूरे परिसर को आकर्षक रूप देने की है, ताकि दुर्गा पूजा के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच सकें.

महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग कतार

पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए समिति की ओर से विशेष व्यवस्था की जायेगी. पंडाल के अंदर और बाहर समिति के कार्यकर्ता तैनात रहेंगे. महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था होगी.

इसके अलावा पंडाल में प्रवेश और निकास के लिए महिला और पुरुषों के अलग-अलग द्वार बनाये जायेंगे. समिति का कहना है कि इससे भीड़ के बीच श्रद्धालुओं को परेशानी कम होगी और आवागमन व्यवस्थित रखा जा सकेगा.

शहर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल करने की तैयारी

समिति इस बार ललित बस स्टैंड के पूजा पंडाल को शहर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल करने की तैयारी में जुटी है. समिति के अध्यक्ष उदय वर्मा ने कहा कि जगन्नाथ मंदिर के स्वरूप में 100 फीट ऊंचा पंडाल तैयार किया जा रहा है. श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण का विशेष ध्यान रखा जायेगा. पूजा आयोजन में सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है.

भूमि पूजन के मौके पर युवा अध्यक्ष जनार्दन यादव, वार्ड पार्षद मोहम्मद शाहबुद्दीन सिद्दीकी, राजन श्रीवास्तव, राजेश कुमार गुप्ता, अजय यादव, उदय वर्मा, चंद्रशेखर यादव, मुन्ना यादव, गुड्डू यादव, अमित निगम, विनोद यादव, साहब यादव और हरे राम साह सहित कई लोग मौजूद रहे.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन