सीवान: बड़हरिया में मुख्य सारण नहर में खर-पतवार से पानी का बहाव प्रभावित, किसानों की बढ़ी चिंता
नहर की तलहटी में उग आये खर-पतवार | Prabhat Khabar Network
मुख्य सारण नहर में खर-पतवार के कारण पानी के बहाव में बाधा की आशंका से सीवान के किसान चिंतित हैं। रुक-रुक कर हो रही बारिश से फिलहाल राहत है, लेकिन धान की फसल को और पानी की जरूरत है। अगर नहर की अविलंब सफाई नहीं हुई तो सिंचाई की समस्या गंभीर हो सकती है।
Siwan News : बड़हरिया प्रखंड क्षेत्र से गुजरने वाली मुख्य सारण नहर की तलहटी में उगे खर-पतवार के कारण पानी के बहाव में बाधा उत्पन्न होने की आशंका है. कुड़ियापुर से तरवारा के ठीक पहले तक नहर के पेट में जगह-जगह बेतरतीब ढंग से खर-पतवार उग आये हैं. इससे किसानों की चिंता बढ़ गयी है.
फिलहाल नहर में पानी नहीं है और रुक-रुक कर हो रही बारिश से किसानों को कुछ राहत मिल रही है. हालांकि धान की फसल को अभी और पानी की जरूरत है. ऐसे में बारिश नहीं होने की स्थिति में यदि नहर में पानी छोड़ा जाता है, तो खर-पतवार के कारण पानी का बहाव प्रभावित होने की आशंका किसानों को सता रही है.
कई गांवों से होकर गुजरती है मुख्य सारण नहर
मुख्य सारण नहर प्रखंड क्षेत्र के कुड़ियापुर, धनाव, तेतहली, सुरहियां, नवलपुर, भलुआं, पकड़ी सुल्तान, भलुआड़ा, भगवानपुर, सलाहपुर समेत कई गांवों से होकर गुजरती है. इन क्षेत्रों के किसानों के लिए नहर सिंचाई का महत्वपूर्ण साधन है.
किसानों का कहना है कि नहर में नियमित रूप से पानी आने और बहाव सुचारु रहने से धान की फसल की सिंचाई में काफी सुविधा होती है. लेकिन तलहटी में लगातार बढ़ रहे खर-पतवार के कारण भविष्य में पानी का प्रवाह प्रभावित हो सकता है.
बारिश नहीं हुई तो बढ़ सकती है सिंचाई की समस्या
फिलहाल क्षेत्र में हो रही बारिश के कारण धान की फसल को कुछ राहत मिल रही है. लेकिन बारिश में कमी आने पर किसानों को सिंचाई के लिए नहर के पानी पर निर्भर रहना पड़ेगा. ऐसी स्थिति में नहर में पानी छोड़े जाने के बाद खर-पतवार बहाव में रुकावट पैदा कर सकते हैं.
किसानों का कहना है कि समय रहते नहर की सफाई नहीं करायी गयी तो धान की फसल के लिए सिंचाई की समस्या गंभीर हो सकती है.
किसानों ने अविलंब सफाई कराने की मांग की
किसानों के अनुसार नहर की नियमित सफाई नहीं होने के कारण तलहटी में खर-पतवार लगातार बढ़ता जा रहा है. इससे नहर की जल प्रवाह क्षमता प्रभावित होने की चिंता बनी हुई है.
क्षेत्र के पूर्व मुखिया मो हाशिम, वार्ड पार्षद इरशाद अहमद, अनिल सिंह, परशुराम सिंह, उमा सिंह, हारुन रशीद समेत अन्य किसानों ने विभागीय अधिकारियों से नहर की तलहटी में उगे खर-पतवार की अविलंब सफाई कराने की मांग की है. किसानों ने कहा कि नहर में पानी छोड़े जाने से पहले सफाई करा दी जाये, तो सिंचाई के समय किसानों को परेशानी नहीं होगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए