सीवान में मौनिया बाबा मेले की धूम, 32 अखाड़ों ने दिखाये हैरतअंगेज करतब; दो दर्जन से अधिक युवक घायल
नियंत्रण कक्ष में बैठे सांसद, विधायक, एमएलसी, डीएम, एसपी, एडीएम व अन्य.
सीवान के प्रसिद्ध मौनिया बाबा मेले में 32 अखाड़ों ने भव्य जुलूस निकाला. पारंपरिक हथियारों संग युवाओं ने हैरतअंगेज करतब दिखाए, जिससे भीड़ भक्तिमय हो गई. हालांकि, करतब दिखाने के दौरान दो दर्जन से अधिक युवक घायल भी हुए.
Siwan News : उत्तर बिहार के प्रसिद्ध मौनिया बाबा राजकीय महावीरी झंडा मेले में शुक्रवार को मौनिया बाबा समाधि स्थल पर दर्शनार्थियों की भारी भीड़ उमड़ी. शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से निकले महावीरी अखाड़ों के जुलूस से पूरा मेला क्षेत्र भक्तिमय नजर आया. मौनिया बाबा के जयकारे और नगाड़ों की आवाज से शहर गूंजता रहा. इस दौरान विभिन्न अखाड़ों के युवकों ने लाठी-डंडे और पारंपरिक हथियारों के साथ करतब दिखाये.
32 अखाड़ों ने दर्ज करायी उपस्थिति
मेले में कुल 32 अखाड़ों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी. महाराजगंज प्रखंड के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से नौ, जबकि दरौंदा प्रखंड के विभिन्न गांवों से 12 भव्य अखाड़ों ने हिस्सा लिया. अखाड़ों में शामिल युवक भगवा ध्वज के साथ पारंपरिक युद्ध कला का प्रदर्शन करते नजर आये.
पसनौली, नवलपुर, अभुई, वैदापुर विशुनपुरा, रामापाली, फतेहपुर, रमसापुर, कोथुआ सारंगपुर, बेला गोविंदापुर, उजांय, सवान विग्रह, धनछुआ, पकवलिया, बंगरा, करसौत, झझवां, तेवथा, मानपुर समेत कई गांवों से अखाड़े निकाले गये.
हाथी, घोड़े और ऊंट के साथ निकला जुलूस
अखाड़ों के जुलूस में हाथी, घोड़े, ऊंट, बैंड पार्टी और अन्य आकर्षण शामिल रहे. युवक हाथों में लाठी, डंडा, भाला और तलवार लेकर जयघोष करते हुए मौनिया बाबा समाधि स्थल तक पहुंचे. किसी अखाड़े ने करीब चार किलोमीटर, तो किसी ने तीन किलोमीटर की दूरी तय की.
शहर के नागाजी मठ बड़ा अखाड़ा, प्रधान अखाड़ा सिंहौता, आजाद अखाड़ा, कपिया निजामत और इंदौली अखाड़ा समेत कई अखाड़ों ने युद्ध कला का प्रदर्शन किया. कई अखाड़ों में झांकियां भी निकाली गयीं.
मेला नियंत्रण कक्ष के सामने हुआ अखाड़े का अभिनंदन
श्री बड़ा अखाड़ा नागाजी मठ का महावीर जी का सिंहासन जब राजेंद्र चौक स्थित मेला नियंत्रण कक्ष के सामने पहुंचा, तो वहां मौजूद अधिकारियों ने खड़े होकर उसका अभिनंदन किया. इस मौके पर सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल ने कहा कि मौनिया बाबा मेला राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रतीक है.
करतब दिखाते दो दर्जन से अधिक युवक घायल
मेले में गुरुवार की देर रात और शुक्रवार को करतब दिखाने के दौरान विभिन्न अखाड़ों के दो दर्जन से अधिक युवक घायल हो गये. मेला नियंत्रण कक्ष में स्थापित चिकित्सा व्यवस्था के तहत डॉक्टरों ने सभी घायलों का इलाज किया. इलाज के बाद सभी युवक अपने-अपने घर लौट गये.
30 स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात
मेला और अखाड़ा जुलूस को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये थे. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और चिह्नित स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल तैनात किये गये थे. गुरुवार की शाम से ही निर्धारित 30 स्थानों पर दंडाधिकारी पहुंच गये थे. उनके साथ लाठी बल और पुलिस जवानों की तैनाती की गयी थी. पुलिस पदाधिकारी भी जुलूस और मेला क्षेत्र में लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए थे.
डीजे पर प्रतिबंध के बावजूद बजा डीजे
प्रशासन की ओर से मौनिया बाबा मेले के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध की घोषणा की गयी थी. इसके बावजूद अधिकांश अखाड़ा समितियों की ओर से जुलूस और मेले के दौरान डीजे बजाया गया. पुलिस अधिकारी जुलूस और मेला क्षेत्र में मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे.
मौके पर सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल, विधायक हेमनारायण साह, गोरियाकोठी विधायक देवकांत सिंह, दरौंदा विधायक कर्मजीत सिंह, एसडीपीओ अमन, बीडीओ बिंदु कुमार, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. विपिन कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और समाजसेवी मौजूद रहे.









आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए