सबेया एयरफील्ड के शीघ्र परिचालन को लेकर सांसद ने केंद्र को लिखा पत्र

Updated:
विज्ञापन
सबेया हवाइ अड्डा के लिए बात करते सांसद

सबेया हवाइ अड्डा के लिए बात करते सांसद

Gopalganj News : गोपालगंज के सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन ने सबेया एयरफील्ड को जल्द चालू कराने के लिए केंद्रीय नागर विमानन मंत्री को पत्र लिखा है. उन्होंने क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत हवाई सेवा शुरू करने की मांग की है, जिससे लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा.

विज्ञापन

Gopalganj News : गोपालगंज के सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन ने सबेया एयरफील्ड का शीघ्र परिचालन शुरू कराने को लेकर केंद्रीय नागर विमानन मंत्री, मंत्रालय के सचिव, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक और बिहार सरकार के संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजा है. उन्होंने क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस-उड़ान) के तहत एयरफील्ड से हवाई सेवा जल्द शुरू कराने की मांग की है.

एएआई टीम कर चुकी है तकनीकी सर्वेक्षण

सांसद ने अपने पत्र में बताया है कि सबेया एयरफील्ड का भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की तकनीकी टीम द्वारा सर्वेक्षण किया जा चुका है. सर्वेक्षण के दौरान दो किलोमीटर से अधिक लंबे रनवे की उपलब्धता की पुष्टि भी हुई है. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से मांगी गई विस्तृत रिपोर्ट भी सरकार को भेजी जा चुकी है. उन्होंने बताया कि बिहार सरकार ने भी 9 जून 2025 को सबेया एयरफील्ड के परिचालन को लेकर केंद्र सरकार को औपचारिक प्रस्ताव भेज दिया है. इसके बावजूद सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद भी अब तक एयरफील्ड का संचालन शुरू नहीं हो सका है.

आसपास के कई जिलों के लोगों को मिलेगा फायदा

डॉ. आलोक कुमार सुमन ने कहा कि सबेया एयरफील्ड के शुरू होने से गोपालगंज, सिवान, सारण, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण सहित उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा. उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए बेहतर हवाई संपर्क उपलब्ध होगा. सांसद ने यह भी कहा कि खाड़ी देशों में काम करने वाले बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूरों और व्यवसायियों को भी हवाई सेवा शुरू होने से काफी सुविधा मिलेगी.

पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

सांसद ने सबेया एयरफील्ड के सामरिक महत्व का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि नेपाल सीमा के निकट स्थित होने के कारण यह एयरफील्ड रणनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि एयरफील्ड के संचालन से प्रसिद्ध थावे शक्तिपीठ आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी. इसके अलावा क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे. सांसद ने केंद्र सरकार से सभी लंबित प्रक्रियाओं को पूरा कर जल्द से जल्द हवाई सेवा शुरू कराने की मांग की है.


विज्ञापन
Sanjay Kumar Abhay

लेखक के बारे में

By Sanjay Kumar Abhay

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन