इंस्पायर अवार्ड-मानक योजना के लिए विद्यालयों को निर्देश, 30 जुलाई तक अपलोड करने होंगे पांच श्रेष्ठ नवाचार

Gopalganj News : गोपालगंज के सरकारी और निजी विद्यालयों को इंस्पायर अवार्ड-मानक योजना के तहत विद्यार्थियों के नवाचारों के चयन और ऑनलाइन अपलोड के निर्देश दिए गए हैं. 28 जुलाई तक विद्यालय पंजीकरण और 30 जुलाई तक नवाचार प्रतियोगिता आयोजित करनी होगी.
Gopalganj News : जिले के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए इंस्पायर अवार्ड-मानक योजना के तहत विद्यार्थियों के नवाचारों के चयन और ऑनलाइन अपलोड की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. इस संबंध में प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) शिवम ने सभी प्रधानाध्यापकों, प्रभारी प्रधानाध्यापकों एवं प्रधान शिक्षकों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं. उन्होंने बताया कि यह निर्देश राज्य परियोजना निदेशक के 15 जुलाई को जारी पत्र के आलोक में दिया गया है. विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार द्वारा संचालित इस योजना का उद्देश्य कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा देना है.
28 जुलाई तक कराना होगा विद्यालय का पंजीकरण
डीपीओ ने निर्देश दिया है कि जिन विद्यालयों का ईएमआईएएस (EMIAS) पोर्टल पर अब तक पंजीकरण नहीं हुआ है, वे हर हाल में 28 जुलाई तक अपना पंजीकरण सुनिश्चित करें. इसके बाद विद्यालय स्तर पर नवाचार प्रतियोगिता आयोजित कर अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए.
30 जुलाई तक होगी नवाचार प्रतियोगिता
निर्देश के अनुसार सभी विद्यालयों को 30 जुलाई तक विद्यालय स्तर पर नवाचार प्रतियोगिता आयोजित करनी होगी. प्रतियोगिता में चयनित सर्वश्रेष्ठ पांच नवाचारों का विवरण विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं नामित नोडल शिक्षक द्वारा ईएमआईएएस पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा. प्रत्येक विद्यालय अधिकतम पांच नवाचार ही पोर्टल पर अपलोड कर सकेगा.
चयनित विद्यार्थियों को मिलेंगे 10 हजार रुपये
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार ईएमआईएएस पोर्टल पर अपलोड किए गए नवाचारों में से सामाजिक समस्याओं के समाधान से जुड़े उत्कृष्ट नवाचारों का चयन करेगा. चयनित विद्यार्थियों को अपने नवाचार का प्रोटोटाइप मॉडल तैयार करने के लिए 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि सीधे उनके बैंक खाते में हस्तांतरित की जाएगी.
समय-सीमा का पालन करने के निर्देश
डीपीओ शिवम ने सभी विद्यालयों को निर्देश दिया है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर पोर्टल पर पंजीकरण, विद्यालय स्तर पर नवाचार प्रतियोगिता का आयोजन तथा चयनित नवाचारों का ऑनलाइन अपलोड हर हाल में सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ मिल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










