बिहार में जमीन माफियाओं पर कसेगा शिकंजा, सूची तैयार कर संपत्ति होगी जब्त

Bihar Land : पुलिस की ओर से भू-माफियाओं की सूची सार्वजनिक करते हुए आम लोगों से जमीन की खरीद-बिक्री से पहले खुद से जांच करा लेने की अपील की जा रही है.
Bihar Land : गोपालगंज. जमीन माफियाओं पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. पहले चरण में पुलिस ने छह भू-माफियाओं की सूची जारी किया था, इसके बाद दूसरे चरण में शहरी इलाके के भू-माफियाओं की सूची बन रही है. पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित के निर्देश पर पुलिस ने सूची बनाने का काम शुरू कर दिया है. ऐसे भू-माफियाओं की सूची तैयार हो रही है, जिनपर एक से अधिक जमीन संबंधित फर्जीवाड़ा का मामला दर्ज है.
भू-माफियाओं की सूची सार्वजनिक
पुलिस की ओर से भू-माफियाओं की सूची सार्वजनिक करते हुए आम लोगों से जमीन की खरीद-बिक्री से पहले खुद से जांच करा लेने की अपील की जा रही है. वहीं, भू-माफियाओं पर शुरू हुई इस तरह के कार्रवाई से हड़कंप मच गया है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि भू-माफियाओं के विरुद्ध सीसीए-तीन की कार्रवाई भी की जायेगी. सीसीए-तीन की कार्रवाई के लिए डीएम के पास पुलिस अधीक्षक की ओर से अनुशंसा की जायेगी.
नये कानून की धारा में संपत्ति होगी जब्त
पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने कहा कि भू-माफियाओं की सूची जारी करने के बाद उनके विरुद्ध सीसीए-तीन की कार्रवाई की जायेगी. सीसीए की कार्रवाई के बाद उनकी संपत्ति को जब्त करने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 107 के तहत कार्रवाई शुरू की जायेगी. पुलिस ने इसी कानून के तहत भू-माफियाओं की संपत्ति का आकलन कराकर जब्त करने की बात कही है. दावा है कि यह बिहार का पहला जिला होगा, जहां नये कानून के तहत भू-माफियाओं की संपत्ति को पुलिस जब्त करने जा रही है.
प्रत्येक बुधवार को सुनवाई कर रहे एसपी
जमीन माफियाओं से संबंधित सुनवाई के लिए प्रत्येक बुधवार को पुलिस अधीक्षक जनसुनवाई कर रहे हैं. साथ ही पुलिस अधीक्षक के कार्यालय से भू-माफियाओं से संबंधित शिकायत और सूचना के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है. पुलिस अधीक्षक का नंबर 9431822991 और गोपालगंज पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9470092879 पर सूचना देनेवालों का नाम व पता गुप्त रखा जायेगा.
फ्लैश बैक
पहले से जारी छह जमीन माफियाओं की संपत्ति का आकलन शुरू
योगेंद्र पंडित, पिता-स्व. गोखुला पंडित, घर-बंजारी, नगर थाना गोपालगंज
गंगदयाल यादव, पिता-स्व. मुनर प्रसाद, घर-नकच्छेद, नगर थाना, गोपालगंज
मुकुल तिवारी उर्फ डब्लू घर-कोटवा, नगर थाना, गोपालगंज
सुमित मिश्रा, पिता-राजकिशोर मिश्रा, घर-गौसिया, थाना-मांझा, गोपालगंज
अन्नू मिश्रा, पिता-राजकिशोर मिश्रा, घर-मौनिया चौक, नगर थाना, गोपालगंज
दीपक तिवारी उर्फ मुर्गा बाबा, घर-हरखुआ, नगर थाना, गोपालगंज
Also Read: नीतीश की इस योजना से बिहार में बना स्वरोजगार का माहौल, 44 हजार से ज्यादा युवा बने उद्यमी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ashish Jha
डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




