गोपालगंज कोर्ट से पेशी के दौरान पुलिस को चकमा देकर भागे दो कैदी, एक दबोचा गया, दूसरे की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपी
Bihar Crime News : बिहार के गोपालगंज में गुरुवार को कोर्ट परिसर के पास पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई. उत्पाद स्पेशल कोर्ट में पेशी के लिए लाए गए दो कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए. हालांकि पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से एक कैदी को दौड़ाकर पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा फरार होने में सफल रहा.
Bihar Crime News : (संजय कुमार अभय) गोपालगंज में गुरुवार को उत्पाद स्पेशल कोर्ट में पेशी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई. यूपी से शराब की खेप लेकर आ रहे दो तस्करों को जेल भेजने के लिए कोर्ट लाया गया था, लेकिन पेशी से पहले ही दोनों आरोपी पुलिस और उत्पाद विभाग को चकमा देकर भाग निकले. हालांकि एक आरोपी को लोगों और पुलिस की मदद से पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा फरार हो गया.
शराब तस्करी के आरोप में पकड़े गए थे दोनों आरोपी
जानकारी के अनुसार उत्पाद विभाग की टीम ने कुचायकोट थाना क्षेत्र के पोखरभिंडा नोनिया टोली गांव के समीप छठ घाट के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की थी. इस दौरान राजा कुमार पांडेय और विश्वजीत कुंवर को 90-90 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार किया गया था. दोनों के पास से बाइक भी जब्त की गई थी.
भागते आरोपी को लोगों ने दौड़ाकर पकड़वाया
गिरफ्तार आरोपियों को गुरुवार को उत्पाद स्पेशल कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था. इसी दौरान कुचायकोट थाना क्षेत्र निवासी राजा कुमार पांडेय हथकड़ी समेत भागने लगा. भागते हुए उस पर स्थानीय लोगों की नजर पड़ गई. इसके बाद लोगों और पुलिस ने उसका पीछा किया और मिंज स्टेडियम रोड के पास दबोच लिया.
हथकड़ी सरकाकर फरार हुआ विश्वजीत कुंवर
उधर विशंभरपुर थाना क्षेत्र के सलेहपुर गांव निवासी विश्वजीत कुंवर ने सुरक्षाकर्मियों की चूक का फायदा उठाते हुए हथकड़ी से हाथ निकाल लिया और मौनिया चौक की ओर फरार हो गया. भीड़भाड़ का फायदा मिलने से वह पुलिस की पकड़ से दूर निकल गया.

फरार आरोपी की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी
उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फरार आरोपी विश्वजीत कुंवर की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है. संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है.
कोर्ट परिसर में घटना से मचा हड़कंप
दिनदहाड़े कोर्ट परिसर के पास आरोपी के फरार होने की घटना से पुलिस और उत्पाद विभाग में हड़कंप मच गया. घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए