गया जी : पंचायत समिति की बैठक में ई-रिक्शा से जाम का मुद्दा गरमाया, अतिक्रमण हटाने की मांग

Updated:
विज्ञापन

बैठक में शामिल अधिकारी व जनप्रतिनिधि | Prabhat Khabar Network

गया जी के इमामगंज में हुई पंचायत समिति की बैठक में 15वें वित्त आयोग से मिलने वाली करीब 1.96 करोड़ की राशि से विभिन्न विकास कार्यों को मंजूरी दी गई. बैठक में ई-रिक्शा से होने वाले जाम और अतिक्रमण हटाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा.

विज्ञापन

गया जी जिला के इमामगंज प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार में मंगलवार को पंचायत समिति की बैठक प्रखंड प्रमुख कलावती देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गयी. बैठक में कई विभागों के अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर पंचायत समिति सदस्यों ने नाराजगी जतायी और विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित कराने की मांग की.

बैठक में बीडीओ संजय कुमार ने पंचायत समिति सदस्यों को 15वें वित्त आयोग के 16वें वित्त आयोग में कन्वर्ट होने की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पंचायत समिति को प्रत्येक वर्ष करीब एक करोड़ 96 लाख रुपये की राशि उपलब्ध होगी.

इस राशि से पंचायत समिति क्षेत्र में चेकडैम, आहर, पोखर, नाली, गली, सोख्ता, सामुदायिक शौचालय, साप्ताहिक हाट-बाजार में चापाकल, मध्य विद्यालयों में कंप्यूटर, सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी, शवदाह गृह, विद्यालयों में चारदीवारी, चबूतरा तथा स्कूलों में एक-दो कमरों के निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्य कराए जा सकते हैं.

ट्रैक्टर के निजी उपयोग और जर्जर बिजली तारों का मुद्दा

बैठक में कुजेसर पंचायत के मुखिया अजीत कुमार उर्फ पिंटू लाल ने पंचायत के पूर्व पैक्स के द्वारा किसानों की सुविधा के लिए खरीदे गये ट्रैक्टर को पंचायत को नहीं सौंपकर निजी उपयोग में लाने का मामला उठाया.

उन्होंने इस मामले में बीसीइओ से अविलंब कार्रवाई करने की मांग की. मुखिया ने कुजेसर पंचायत में 11 हजार वोल्ट के जर्जर बिजली तार की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया. उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों से जर्जर तार को जल्द बदलने और संभावित दुर्घटना को रोकने की मांग की.

अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग

इसके अलावा बैठक में इमामगंज के कोठी मोड़, डुमरिया मोड़ सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर ई-रिक्शा के कारण लगने वाले जाम का मुद्दा भी उठाया गया.

सदस्यों ने अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की. इस पर सीओ सुकेश कुमार ने कहा कि दस दिनों के अंदर अतिक्रमण वाले स्थानों से जाम की समस्या दूर कराते हुए संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जायेगी.

Also Read : PHOTOS : गया जी रबर डैम: 312 करोड़ की लागत से बना फल्गु नदी पर बना आधुनिक डैम, पांच तस्वीरों में देखें इसकी खासियत

बैठक में उपस्थित प्रमुख अधिकारी और जनप्रतिनिधि

बैठक में एमओ सरोज कुमार, बीएओ सूर्य कुमार राम, पीओ रमेश कुमार, नौडीहा पंचायत की मुखिया इंदु देवी, अंजू देवी सहित पंचायत समिति सदस्य एवं अन्य लोग उपस्थित थे.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन