गया जी में 11 हजार वोल्ट तार की चपेट में आया युवक, ढलाई मशीन के एंगल से हुआ हादसा
सांकेतिक तस्वीर
गया जी के डुमरिया प्रखंड में 11 हजार वोल्ट बिजली के तार की चपेट में आने से एक किसान गंभीर रूप से घायल हो गया. ढलाई मशीन के एंगल से हुए इस हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं.
गया जी के डुमरिया प्रखंड की महुड़ी पंचायत अंतर्गत टेकरा टोला लोहरडीह में मंगलवार को 11 हजार वोल्ट बिजली तार की चपेट में आने से एक किसान गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान लोहरडीह निवासी अशोक यादव के रूप में हुई है.
परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, डुमरिया में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे खतरे से बाहर बताया.
ढलाई मशीन के एंगल से हुआ हादसा
ग्रामीणों के अनुसार, अशोक यादव के भाई के मकान में ढलाई का काम चल रहा था. मकान के समीप से 11 हजार वोल्ट का बिजली तार गुजर रहा है. ढलाई मशीन में लगा लोहे का एंगल अचानक बिजली तार के संपर्क में आ गया, जिसकी चपेट में अशोक यादव आ गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
ग्रामीणों का बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया. ग्रामीणों का कहना है कि आबादी वाले इलाके में कवर तार लगाया जाना चाहिए, लेकिन खुले तार से बिजली आपूर्ति की जा रही है.
कई बार विभाग को तार की स्थिति सुधारने की शिकायत की गयी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. ग्रामीणों ने कहा कि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
चिकित्सक का बयान और मरीज की स्थिति सामान्य
पीएचसी डुमरिया के चिकित्सक डॉ. अभिमन्यु कुमार ने बताया कि बिजली की चपेट में आने से मरीज की स्थिति गंभीर थी. उपचार के बाद उसकी स्थिति सामान्य होने पर उसे छुट्टी दे दी गयी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










