विष्णुपद समेत गया जी के मंदिरों में 24 अगस्त से शुरू होगा पांच दिवसीय झूलनोत्सव, चांदी के झूले पर झूलेंगे भगवान
गया जी में 24 अगस्त से शुरू हो रहे पांच दिवसीय झूलनोत्सव की तैयारियां ज़ोरों पर हैं. विष्णुपद मंदिर, रामानुज मठ सहित शहर के प्रमुख मंदिरों में विशेष आयोजन होंगे. चांदी के झूले पर भगवान का होगा झूलन.
Gaya Ji Jhulanotsav 2026 : श्रीविष्णुपद मंदिर, श्री रामानुज मठ, इस्कॉन मंदिर, गौड़ीय मठ, गोल पत्थर स्थित हनुमान मंदिर, चौक स्थित हनुमान मंदिर, नयी गोदाम स्थित ठाकुरबाड़ी सहित शहर के अधिकतर ठाकुरबाड़ियों व मंदिरों में सावन मास की शुक्ल पक्ष एकादशी यानी 24 अगस्त से पांच दिवसीय झूलनोत्सव शुरू होगा. सभी मंदिर, मठ व ठाकुरबाड़ियों में प्रबंधन समिति द्वारा जोर-शोर से तैयारी की जा रही है.
विष्णुपद मंदिर में चांदी के पालने और राम कथा का आयोजन
श्रीविष्णुपद प्रबंधकारिणी समिति द्वारा विष्णुपद मंदिर के मंडप में रंग-बिरंगे फूलों से सजी चांदी के पालने में भगवान श्रीविष्णु के सोने के चरण को रखकर झुलाया जायेगा. समिति के अध्यक्ष शंभू लाल विट्ठल ने बताया कि इस मौके पर 24 से 28 अगस्त तक शाम 7:30 बजे से रात 9:30 बजे तक उत्तर प्रदेश श्रीधाम वृंदावन की साध्वी डॉ. प्रज्ञा भारती का श्री राम कथा पर प्रवचन होगा.

उक्त अवधि में श्री कृष्ण लीला की झांकी भी प्रस्तुत की जायेगी. उन्होंने बताया कि झूलनोत्सव के समापन पर 28 अगस्त को रात 10 बजे से कोलकाता की कथक नृत्यांगना सुलगना बनर्जी की कथक नृत्य की प्रस्तुति होगी.
इनके साथ गायन पर कोलकाता के अरिंदम भट्टाचार्य, तबला पर वाराणसी के उदय शंकर मिश्रा व सारंगी पर ओम सहाय संगत करेंगे. उन्होंने बताया कि झूलनोत्सव समारोह की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण व विशेष पूजन के साथ की जायेगी. इस कार्यक्रम को लेकर पूरे मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों व बल्बों से सजाया जायेगा.
रामानुजाचार्य मठ में चांदी के झूले पर झूमेंगे भगवान लक्ष्मी नारायण
विष्णुपद क्षेत्र के देवघाट स्थित श्री रामानुजाचार्य मठ में 24 से 28 अगस्त तक भव्य झूलनोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा. यह जानकारी इस मठ के महंथ जगद्गुरु स्वामी वेंकटेश प्रपन्नाचार्य जी महाराज ने दी.
Also Read : बिहार के एक शिक्षक के चार बेटों ने रचा इतिहास, NEET क्वालीफाई कर बने डॉक्टर
उन्होंने बताया कि प्रतिदिन रात नौ बजे से 12 बजे तक कार्यक्रम आयोजित होगा. इस दौरान उत्तर प्रदेश के बनारस के कलाकारों द्वारा भजन-कीर्तन की भी प्रस्तुति दी जायेगी.
मठ की पुरानी परंपरा और प्रसाद वितरण
स्वामी श्री प्रपन्नाचार्य जी महाराज ने बताया कि झूलनोत्सव समारोह सावन पूर्णिमा की तिथि यानी 28 अगस्त तक आयोजित रहेगा. झूलनोत्सव के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जायेगा. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की सफलता को लेकर मठ से जुड़े लोगों द्वारा तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं.
Also Read : आरा में 5 हजार की भीड़ और लालू यादव का कार्यक्रम, घायल की मौत की अफवाह के बीच सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
स्वामी जी ने बताया कि पिछले करीब 15 दशकों से नियमित रूप से यहां सावन महीने के आखिरी पांच दिन एकादशी से पूर्णिमा तक झूलनोत्सव कार्यक्रम आयोजित होता आ रहा है.
इस्कॉन और गौड़ीय मठ में भी होंगे विविध आयोजन
वहीं गांधी मैदान के पास स्थित इस्कॉन मंदिर व जीबी रोड स्थित गौड़ीय मठ में भी झूलनोत्सव पर विविध कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









