West Champaran weather: अगस्त में कोहरे ने चौंकाया, बारिश के बाद बदला नरकटियागंज का मौसम
नरकटियागंज में सोमवार की बारिश के बाद मंगलवार सुबह अगस्त महीने में ही कोहरा छा गया. जानिए बारिश के बाद धुंध और कोहरे जैसी स्थिति बनने की वजह, स्थानीय मौसम पर नमी, खेत और हरियाली के असर के साथ अगले दिनों में बारिश का पूर्वानुमान.
Narkatiaganj news: सोमवार को हुई बारिश के बाद मंगलवार की सुबह नरकटियागंज में मौसम का मिजाज अचानक बदला नजर आया. अगस्त महीने में ही शहर और आसपास के इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहा. सुबह सड़कों, खेतों और खुले स्थानों पर धुंध की चादर जैसी स्थिति दिखी. अगस्त में कोहरा देखकर लोग हैरान रह गये. बारिश के बाद बदले मौसम को लेकर लोगों में दिनभर कौतूहल बना रहा.
बारिश के बाद बढ़ी नमी, रात में गिरा तापमान
सोमवार की बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ गयी. रात में तापमान में गिरावट और हवा की गति धीमी रहने के कारण मंगलवार सुबह धुंध और कोहरे जैसी स्थिति बनी. सुबह के समय कई इलाकों में दृश्यता भी प्रभावित नजर आयी. हालांकि, सूर्योदय के बाद तापमान बढ़ने के साथ कोहरा धीरे-धीरे छंट गया.
जलवाष्प के सूक्ष्म जलकणों में बदलने से बनी धुंध: प्रो डॉ अपर्णा
टीपी वर्मा कॉलेज के भूगोल विभाग की विभागाध्यक्ष अर्पणा झा ने बताया कि मानसून के दौरान वातावरण में नमी की मात्रा अधिक रहती है. बारिश के बाद जमीन और आसपास की हवा में नमी बढ़ जाती है. रात में तापमान कम होने और हवा की गति धीमी रहने पर हवा में मौजूद जलवाष्प सूक्ष्म जलकणों में बदलने लगती है. यही जलकण वातावरण में तैरते हुए धुंध या कोहरे जैसी स्थिति पैदा करते हैं.
खेत और हरियाली भी स्थानीय मौसम पर डालते हैं असर
अर्पणा झा ने बताया कि नरकटियागंज क्षेत्र में खेत, हरियाली और नमी की अधिकता है. ऐसे में स्थानीय स्तर पर बारिश के बाद इस तरह की मौसमी परिस्थिति बन सकती है. सूर्योदय के बाद तापमान बढ़ने और हवा की गति तेज होने पर जलकण धीरे-धीरे वातावरण में फैल जाते हैं और कोहरा छंटने लगता है.
आज भी बादल, बारिश के आसार
इधर, मंगलवार को भी आसमान में बादल छाये रहने और बारिश के आसार हैं. अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. बुधवार और गुरुवार को भी गरज के साथ बारिश की संभावना जतायी गयी है. बारिश के बाद सुबह कोहरा और दिन में बारिश की संभावना ने नरकटियागंज के मौसम को इस समय खास बना दिया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सतीश कुमार पांडेय
सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए