गया जी की पंचायतों में लगा सहयोग शिविर, अधिकारियों ने सुनीं जनता की शिकायतें; 30 दिनों में होगा समाधान
सहयोग शिविर में जनता की शिकायतें सुनते अधिकारी | Prabhat Khabar Network
बिहार सरकार की 'सहयोग शिविर' पहल के तहत गया जी की पंचायतों में जनता की समस्याएं सुनी गईं. 30 दिनों की समय-सीमा में शिकायतों का समाधान किया जाएगा. शिविरों में विभिन्न विभागों की सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं.
Gaya Ji Sahayog Camp : सरकार की नई पहल 'सहयोग शिविर' कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न पंचायतों में मंगलवार को शिविर लगाकर जनता की समस्याएं सुनी गईं व उनका त्वरित व समयबद्ध समाधान किया गया. माह के पहले व तीसरे मंगलवार को आयोजित किए जाने वाले 'सहयोग शिविर' के तहत मंगलवार को चिह्नित विभिन्न पंचायतों में शिविर का सफल आयोजन किया गया.
यह पहल 'सरकार आपके द्वार' की अवधारणा को धरातल पर साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. इस अवसर पर जिलास्तरीय व प्रखंडस्तरीय पदाधिकारी संबंधित पंचायतों में आयोजित शिविर में सम्मिलित हुए व आमजनों से संवाद स्थापित किया.
शिकायतों के निबटारे के लिए निर्धारित की गई 30 दिनों की समय-सीमा
बिहार सरकार आम नागरिकों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों का चक्कर लगाने से मुक्ति दिलाने के लिए पंचायत स्तर पर 'सहयोग शिविर' का आयोजन कर रही है.
सहयोग शिविर में प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निबटारा सुनिश्चित किया जाना है, जिसके निबटारे के लिए 30 दिनों की समय-सीमा निर्धारित है, निराकरण निर्धारित अवधि के भीतर किया जाएगा.

समय-सीमा का अनुपालन नहीं करने वाले पदाधिकारी उत्तरदायी होंगे और उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
'सबका सम्मान, जीवन आसान' और नागरिक सहयोग पोर्टल की जानकारी
राज्य सरकार के 'सात निश्चय-3' के महत्वपूर्ण अवयव 'सबका सम्मान, जीवन आसान' के तहत सरकार आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सीधे पंचायत स्तर तक पहुंच रही है. वहां उपस्थित सभी लोगों से अपील की गई कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को सहयोग शिविर के माध्यम से दर्ज कराकर इस महत्वपूर्ण पहल का लाभ उठाएं.
सहयोग शिविर में आवेदन देने के अतिरिक्त नागरिक सहयोग पोर्टल के माध्यम से भी अपनी शिकायतें एवं आवेदन ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं. इसके लिए राज्य सरकार द्वारा sahyog.bihar.gov.in पोर्टल विकसित किया गया है, जहां से आवेदन की स्थिति की निगरानी भी की जा रही है.
शिविर के दौरान लाभार्थियों के बीच प्रमाण-पत्रों और पर्चा का वितरण
शिविर के दौरान पूर्व में प्राप्त एवं निष्पादित आवेदनों के लाभार्थियों को विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया. शिविर में उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा कई लाभार्थियों को जन्म प्रमाण-पत्र, राशन कार्ड, निःशक्तता प्रमाण-पत्र, रैयतों के बीच प्रपत्र 7 पर्चा वितरण सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित स्वीकृतियों एवं प्रमाण-पत्रों का वितरण किया गया.
विभिन्न विभागों की सेवाएं और ऑन-द-स्पॉट समाधान
शिविरों में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों व कर्मियों द्वारा आमजन की शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त किए गए तथा कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया. शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पंचायती राज, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आपूर्ति, ग्रामीण विकास, विद्युत, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









