बोधगया में खूनी खेल : घर के बाहर गाली देने से मना किया, तो मनचलों ने ईंट मारकर ले ली राजमिस्त्री की जान

Published by :PRANJAL PANDEY
Published at :08 May 2026 9:02 PM (IST)
विज्ञापन
बोधगया में खूनी खेल : घर के बाहर गाली देने से मना किया, तो मनचलों ने ईंट मारकर ले ली राजमिस्त्री की जान

बोधगया थाना क्षेत्र के सोनू बिगहा मोहल्ले में गुरुवार रात एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया. घर के बाहर गाली-गलौज करने से मना करने पर कुछ मनबढ़ युवकों ने 46 वर्षीय राजमिस्त्री मुन्ना यादव की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई की और सीने पर ईंट मारकर उनकी हत्या कर दी.

विज्ञापन

बोधगया (कलेंद्र प्रताप की रिपोर्ट). बोधगया थाना क्षेत्र के सोनू बिगहा मोहल्ले में गुरुवार रात एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया. घर के बाहर गाली-गलौज करने से मना करने पर कुछ मनबढ़ युवकों ने 46 वर्षीय राजमिस्त्री मुन्ना यादव की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई की और सीने पर ईंट मारकर उनकी हत्या कर दी. इस सनसनीखेज वारदात के बाद मृतक की पत्नी सुमित्रा देवी के बयान पर बोधगया थाने में चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है.

गाली-गलौज का विरोध करने पर उग्र हुए युवक

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात मुन्ना यादव के पड़ोस में एक शादी समारोह चल रहा था. इसी दौरान मोहल्ले के ही कुछ युवक मुन्ना के दरवाजे के पास खड़े होकर समारोह वाले परिवार को गालियां देने लगे. जब मुन्ना ने इसका विरोध किया और उन्हें वहां से जाने को कहा, तो युवक उग्र हो गए. उन्होंने लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी. इसी बीच एक हमलावर ने सड़क पर पड़ी ईंट उठाकर मुन्ना के बाएं सीने पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े.

अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट गईं सांसें

वारदात के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें बोधगया सीएचसी ले गए. वहां गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही मुन्ना ने दम तोड़ दिया. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. परिजनों ने बताया कि मूल रूप से छोटकी बभनी गांव निवासी मुन्ना यादव पिछले आठ सालों से सोनू बिगहा में जमीन खरीदकर अपना मकान बनाकर रह रहे थे. वे राजमिस्त्री का काम कर परिवार पालते थे और हमलावरों से उनकी कोई पुरानी रंजिश या दुश्मनी भी नहीं थी.

फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी तेज

हत्या की सूचना मिलते ही बोधगया थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह वरीय अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की. थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि पत्नी की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है. हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले चारों आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन कर लगातार छापेमारी की जा रही है.

विज्ञापन
PRANJAL PANDEY

लेखक के बारे में

By PRANJAL PANDEY

PRANJAL PANDEY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन