नरेंद्र मोदी सरकार के ‘अन्याय'' को खत्म करेगा ‘न्याय'' : राहुल गांधी

Updated at : 09 Apr 2019 10:35 PM (IST)
विज्ञापन
नरेंद्र मोदी सरकार के ‘अन्याय'' को खत्म करेगा ‘न्याय'' : राहुल गांधी

गया : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को बिहार के गया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला और कहा कि केंद्र द्वारा किये गये ‘‘अन्याय’ को खत्म करने के लिए उनकी पार्टी ‘‘न्याय’ लेकर आयी है. राहुल गांधी का इशारा प्रस्तावित ‘न्यूनतम आय गारंटी योजना’ की ओर था. राहुल गांधी ने कहा […]

विज्ञापन

गया : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को बिहार के गया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला और कहा कि केंद्र द्वारा किये गये ‘‘अन्याय’ को खत्म करने के लिए उनकी पार्टी ‘‘न्याय’ लेकर आयी है. राहुल गांधी का इशारा प्रस्तावित ‘न्यूनतम आय गारंटी योजना’ की ओर था. राहुल गांधी ने कहा कि ‘‘यह देश में सभी गरीबों के बैंक खातों में 15 लाख रुपये डालने के मोदी द्वारा किये गये बड़बोले वादे से उलट है.’ उन्होंने कहा कि संक्षिप्त शब्द ‘‘न्याय’ के तौर पर जानी जाने वाली प्रस्तावित योजना एक वास्तविक उपाय है जिसे अर्थव्यस्था को बिना नुकसान पहुंचाये या आम आदमी पर कर का बोझ बढ़ाये बिना लागू किया जा सकता है.

मोदी पर झूठ फैलाने का लगाया आरोप
राहुल गांधी ने मोदी पर यह ‘‘झूठ’ फैलाने का आरोप लगाया कि न्याय को लागू करना खर्चीला होगा जिसके लिए कांग्रेस को पर्याप्त धनराशि नहीं मिलेगी जब तक वेतनभोगी वर्ग पर और कर नहीं लगाया जाता. गांधी ने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मैं वादा करता हूं कि योजना को पार्टी के सत्ता में आने के तत्काल बाद लागू किया जाएगा और हम पैसे अनिल अंबानी, नीरव मोदी और मेहुल चोकसी जैसे लोगों की जेबों से निकालेंगे जिनके चौकीदार की भूमिका मोदी ने संभाल रखी है.’

शत्रुघ्न सिन्हा भी रैली में रहे मौजूद
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘न्याय के तहत 72 हजार रुपये प्रतिवर्ष का वादा किया गया है जो कि पांच वर्षों में 3.60 लाख रुपये से अधिक बैठता है. अब आपको 15 लाख रुपये के झूठ और 3.60 लाख रुपये के सच के बीच चयन करना है.’ इस मौके पर अभिनेता नेता शत्रुघ्न सिन्हा मौजूद थे जो हाल में भाजपा छोड़कर पार्टी में शामिल हुए हैं. इसके अलावा इस मौके पर महागठबंधन के स्थानीय उम्मीदवार एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी एवं अन्य मौजूद थे.

चौकीदार दावे पर राहुल गांधी ने बोला हमला

राहुल गांधी ने मोदी पर उनके चौकीदार दावे को लेकर हमला बोलते हुए कहा कि गरीब एक चौकीदार नहीं रख सकता जो कि एक ऐसी विलासता है जिसका वहन केवल अमीर ही कर सकते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी नीरव मोदी, अंबानी और चोकसी जैसे बड़े उद्योगपतियों के ही चौकीदार हैं.

चौकीदार चोर है के लगे नारे
राहुल गांधी की टिप्पणी का सभा में मौजूद लोगों ने ‘‘चौकीदार चोर है’ के नारे लगाकर स्वागत किया. गांधी ने 11 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार थमने से ठीक पहले यहां आयोजित रैली में कहा, ‘‘नारा ‘चौकीदार चोर है’ पूरे देश में गूंज रहा है और इसने नारा ‘अच्छे दिन आने वाले हैं’ की जगह ले ली है जो मोदी ने पांच वर्ष पहले दिया था. इस बदलते राजनीतिक मूड से परेशान वह एक दूसरा जुमला ‘मैं भी चौकीदार’ लेकर आए हैं.’

राफेल सौदे को लेकर साधा निशाना
उन्होंने कहा, ‘‘मोदी को पता होना चाहिए कि उनके इस नाटक में उनके साथी उनके साथ हो सकते हैं लेकिन किसान, श्रमिक और बेरोजगार युवक नहीं.’ गांधी ने मोदी पर चुनाव प्रचार के दौरान उनके आक्रामक राष्ट्रवादी रुख को लेकर भी हमला बोला और उन पर राफेल सौदे को लेकर निशाना साधा. कांग्रेस नेता ने कहा कि फ्रांस के साथ मनमोहन सिंह के समय बनी सहमति के तहत लड़ाकू विमानों का निर्माण एचएएल द्वारा किया जाना था. गांधी ने कहा, ‘‘मोदी ने कहा, नहीं मैं अनिल अंबानी का चौकीदार हूं और इसलिए ठेका इसके बावजूद उनकी कंपनी को जाएगा कि उसे इसकी कोई जानकारी नहीं है. इतनी है उनकी राष्ट्रभक्ति.’

राहुल का दावा, किसान को नहीं होना पड़ेगा परेशान

उन्होंने दावा किया कि ऋण लेने वाले किसान भय में जीते हैं कि उन्हें कर्ज नहीं चुकाने के लिए जेल जाना पड़ सकता है. यह इस तथ्य के बावजूद है कि बड़े ऋण चूककर्ता हजारों करोड़ रुपये के बकाये ऋण के साथ देश से भागने में सफल रहे. उन्होंने कहा कि हम यह सुनिश्चित करेंगे कि ऋण नहीं चुका पाने के चलते किसी किसान को परेशान नहीं होना पड़े. गांधी ने कहा, ‘‘हमने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, और राजस्थान जैसे राज्यों में किसानों के ऋण माफ किये और ‘न्याय’ जैसे वादे केवल एक शुरुआत है.’ उन्होंने सरकारी विभागों में खाली पड़े 22 लाख पद भरने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहरायी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन