बिहार के युवक की ट्रेन में हत्या करने वाला निकला साइको किलर, 26 घंटे के भीतर तीन लोगों की कनपटी पर मारी गोली

साइको किलर और बंदूक की सांकेतिक तस्वीर
Crime News: कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस में बिहार के गया निवासी दिनेश शाह की गोली मारकर हत्या करने वाला आरोपी साइको किलर निकला है. पुलिस के मुताबिक पूर्व आर्मी जवान ने महज 26 घंटे के भीतर तीन लोगों की कनपटी पर गोली मारकर हत्या की है.
Crime News: कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस में सफर कर रहे बिहार के गया जिले के रहने वाले दिनेश शाह की गोली मारकर हत्या कर दी गई. अब जांच में सामने आया है कि आरोपी एक साइको किलर है, जिसने महज साढ़े 26 घंटे के भीतर तीन लोगों की हत्या की है.
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ वीरेंद्र के रूप में हुई है. जिसे यूपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की उम्र करीब 45 साल है और वह 2020 में आर्मी से रिटायर्ड हुआ था. वह पंजाब के अमृतसर का रहने वाला बताया जा रहा है.
कनपटी पर गोली मारकर करता था हत्या
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी बेहद खतरनाक तरीके से वारदात को अंजाम देता था. तीनों हत्याओं में उसने पीड़ितों की कनपटी पर गोली मारी, ताकि बचने का कोई मौका न मिले. पहली हत्या रविवार सुबह डीडीयू-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में हुई. दूसरी वारदात रविवार रात करीब 2 बजे मुगलसराय रेलवे स्टेशन के पास जम्मूतवी एक्सप्रेस में हुई. तीसरी हत्या सोमवार सुबह चंदौली के एक निजी अस्पताल में हुई, जहां आरोपी ने बेड पर लेटी महिला की कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी.
बाथरूम से लौटते वक्त मारी गोली
जानकारी के अनुसार गया जिले के पिपरिया गांव निवासी दिनेश शाह (42) अपनी पत्नी के साथ कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस के एस-2 कोच में सफर कर रहे थे. वे सीतापुर स्थित नैमिषारण्य धाम जा रहे थे.
रविवार देर रात करीब 2 बजे ट्रेन मुगलसराय स्टेशन से पहले ब्लॉक हट-बी के पास धीमी हुई. उसी दौरान दिनेश बाथरूम गए थे. जैसे ही वह बाहर निकले, आरोपी ने उनकी कनपटी पर गोली मार दी. गोली की आवाज सुनते ही यात्री मौके पर पहुंचे. दिनेश की पत्नी भी दौड़कर पहुंची तो पति को खून से लथपथ पाया. ट्रेन की रफ्तार धीमी होने का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गया.
नकदी और जेवर सुरक्षित मिले
पुलिस ने बताया कि मृतक के पास से करीब 15 हजार रुपये नकद मिले हैं. उनकी पत्नी के जेवर भी सुरक्षित पाए गए हैं. इससे साफ है कि हत्या लूटपाट के इरादे से नहीं की गई थी. घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे पुलिस की टीम ट्रेन के साथ आगे बढ़ी और यात्रियों से पूछताछ की. वहीं दूसरी टीम मृतक के गांव भेजी गई है, जहां परिजनों से जानकारी जुटाई जा रही है.
आरोपी के पास से दो पिस्टल बरामद
पुलिस के अनुसार अस्पताल में महिला की हत्या के बाद आरोपी को पकड़ लिया गया. उसके पास से दो पिस्टल बरामद हुई हैं. इनमें से एक पिस्टल उसके नाम पर रजिस्टर्ड है, जबकि दूसरी अवैध बताई जा रही है. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि उसने लगातार तीन हत्याएं क्यों कीं.
Also Read: पटना में युवक ने खौफनाक अंदाज में की आत्महत्या, गर्लफ्रेंड और उसकी मां के सामने खुद को मारी गोली
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










