गया जी : टिकारी में दिनदहाड़े किसान की धारदार हथियार से हत्या, आरोपी गिरफ्तार, परिवार में मचा कोहराम
रोते विलखते परिजन | Prabhat Khabar Network
टिकारी के नीमसर ढीबरा गांव में 55 वर्षीय किसान रामवचन ठाकुर की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
अलीपुर थाना क्षेत्र के नीमसर ढीबरा गांव में गुरुवार को दिन के उजाले में 55 वर्षीय किसान की धारदार हथियार से हमला कर हत्या करने का मामला सामने आया है. घटना के बाद गांव में लोगों की भीड़ जुट गयी. वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया
घटना की सूचना मिलते ही अलीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने गंभीर रूप से घायल किसान को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान नीमसर ढीबरा गांव निवासी 55 वर्षीय रामवचन ठाकुर के रूप में हुई है.
खेती-बाड़ी कर परिवार चलाते थे रामवचन
रामवचन ठाकुर खेती-बाड़ी का काम करते थे और इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. अचानक हुई हत्या की घटना से परिवार के लोगों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद परिजन लगातार रो-बिलख रहे हैं.

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
अलीपुर थानाध्यक्ष सत्यम ने बताया कि घटना में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.
हत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. हत्या के पीछे की वजह और वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार समेत अन्य बिंदुओं की जानकारी जुटायी जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








