विष्णुपद कॉरिडोर निर्माण पर गतिरोध, विरोध में उतरा समाज
Published by :DHARMENDRA KUMAR
Published at :11 May 2026 4:05 PM (IST)
विज्ञापन

कॉरिडोर निर्माण के विरोध में जन-जागरण अभियान के तहत प्रेस कॉन्फ्रेंस में जुटे संत समाज व अन्य
विज्ञापन
गया से संजीव सिन्हा की रिपोर्ट
गया. जिले के गया शहर स्थित विष्णुपद मंदिर परिसर में प्रस्तावित विष्णुपद कॉरिडोर निर्माण के विरोध में जन-जागरण अभियान के तहत प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया. इसका मुख्य उद्देश्य कॉरिडोर निर्माण के खिलाफ समाज की आवाज को सामने लाना तथा गया जी की प्राचीन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और ऐतिहासिक धरोहरों को बचाने की मांग उठाना था. इस दौरान विष्णुपद प्रबंध कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष शंभू लाल विट्ठल ने कहा कि उन्होंने कॉरिडोर निर्माण की मांग विकास के उद्देश्य से की थी, लेकिन वर्तमान योजना में प्राचीन धरोहरों और सांस्कृतिक विरासत को नुकसान पहुंचने की आशंका है। उन्होंने बताया कि समाज के व्यापक विरोध को देखते हुए जिला प्रशासन को लिखित रूप से विरोध पत्र भी सौंपा गया है. उन्होंने कहा कि समाज का स्पष्ट विरोध है और हमने जिला पदाधिकारी को अपनी आपत्तियों से अवगत करा दिया है. विकास जरूरी है, लेकिन हमारी प्राचीन पहचान और धार्मिक विरासत की कीमत पर नहीं. वहीं प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद स्वामी वेंकटेश ने प्रशासनिक और सामाजिक स्तर पर योजना की समीक्षा पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि स्थानीय लोगों, धार्मिक संगठनों और विशेषज्ञों की राय लेकर योजना बनाई जाती, तो इतना व्यापक विरोध नहीं होता. उन्होंने कहा कि टेबल पर बैठकर बनायी गयी योजनाएं जब समाज पर थोपी जाती हैं, तब उसका विरोध स्वाभाविक है. कॉरिडोर निर्माण के नाम पर गया जी की पुरातन धरोहरों और सांस्कृतिक पहचान को समाप्त करने की कोशिश की जा रही है. संत समाज और स्थानीय लोगों ने स्पष्ट कहा कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन ऐसा विकास होना चाहिए जिसमें सनातन परंपरा, धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण सुनिश्चित हो. लोगों ने मांग की कि विष्णुपद विकास योजना में प्राचीन मंदिरों, धार्मिक स्थलों और सनातन संस्कृति की रक्षा को प्राथमिकता दी जाए तथा समाज की सहमति से ही आगे की कार्रवाई की जाये. इस मौके पर विष्णुपद पंडा समाज के लोग, संत समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










