कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस में गया के यात्री की गोली मारकर हत्या, चलती ट्रेन में वारदात को अंजाम देकर भागे अपराधी
कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस
Bihar Crime News: कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस में गयाजी के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. चलती ट्रेन में अचानक अपराधियों ने दिनेश साह के सिर में गोली मारी और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले.
Bihar Crime News: (मैनुद्दीन शाह) यूपी के चंदौली जिले में कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे दिनेश शाह की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक बिहार के गयाजी जिले का रहने वाला था. कर्मनाश-मुगलसराय-वाराणसी रेलखंड के बीच इस घटना को अंजाम दिया गया.
बताया जा रहा है कि ट्रेन जब डीडीयू जंक्शन से लखनऊ की ओर रवाना हुई, तभी ब्लॉक हट-बी सेक्शन के पास जनरल टिकट लेकर एस-2 कोच में यात्रा कर रहे एक व्यक्ति को सिर में गोली मार दी गई. गोली चलने की आवाज होते ही ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई. मृतक की पहचान दिनेश साह (57 साल) के रूप में हुई है, जो कि गयाजी के पिपरिया के रहने वाले थे. वे अपने परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर निकले हुए थे.
अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुआ अपराधी
मिली जानकारी के अनुसार, जम्मूतवी एक्सप्रेस रात करीब 1:30 बजे दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से आगे बढ़ी. सिकटिया के पास पहुंचने पर अचानक एक हमलावर ने दिनेश साह को निशाना बनाया और गोली मारकर फरार हो गया. बताया जा रहा है कि आरोपी वारदात के तुरंत बाद चलती ट्रेन से कूदकर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला.
सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं. इस मामले के खुलासे के लिए एसपी ने दो विशेष टीमों का गठन किया है, जो हमलावर के हुलिए और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है.
सुरक्षा व्यवस्था की खुली पोल
यह घटना रेलवे प्रशासन के लिए इसलिए अधिक गंभीर है क्योंकि ठीक 24 घंटे पहले, यानी रविवार की सुबह भी इसी रेल मंडल में ऐसी ही वारदात हुई थी. मुगलसराय से ताड़ीघाट जा रही पैसेंजर ट्रेन में गाजीपुर के जमनिया निवासी 34 साल के मंगरू की कुचमन और रेलवे स्टेशन के बीच बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. उस वारदात में हत्यारे शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक कर फरार हो गए थे.
यात्रियों में दहशत का माहौल
डीडीयू जंक्शन जैसे अति संवेदनशील और महत्वपूर्ण रेल मंडल में लगातार हो रही इन घटनाओं से यात्रियों में भारी गुस्सा और डर का माहौल है. यात्रियों का आरोप है कि लंबी दूरी की ट्रेनों में सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी केवल नाम मात्र की रह गई है. चेकिंग और गश्त के दावों के बावजूद अपराधी अवैध हथियारों के साथ कोच में कैसे दाखिल हो रहे हैं, यह एक बड़ा सवाल है. साथ ही रेलवे प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती है.
Also Read: सीएम सम्राट ने सभी अधिकारियों को किया टाइट, बोले- बिना बताए अचानक कार्यालयों में पहुंचे DM-SP
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए