नीचे सोते रहे घरवाले, ऊपर के कमरे को खंगाल गये चोर

Updated at : 22 Oct 2018 7:58 AM (IST)
विज्ञापन
नीचे सोते रहे घरवाले, ऊपर के कमरे को खंगाल गये चोर

गया : शहर के न्यू करीमगंज मुहल्ले के रोड नंबर ए वन स्थित एक घर में शनिवार की रात चोरों ने करीब आठ लाख रुपये के जेवर व 20 हजार रुपये नकदी की चोरी कर ली. चोर घर के पीछे की एक खिड़की की जाली का पेच खोल कर अंदर आये. अलमारी व अन्य बॉक्स […]

विज्ञापन
गया : शहर के न्यू करीमगंज मुहल्ले के रोड नंबर ए वन स्थित एक घर में शनिवार की रात चोरों ने करीब आठ लाख रुपये के जेवर व 20 हजार रुपये नकदी की चोरी कर ली. चोर घर के पीछे की एक खिड़की की जाली का पेच खोल कर अंदर आये. अलमारी व अन्य बॉक्स को तोड़ कर समान उड़ाया व खिड़की के सहारे बाहर चले गये.
जाते वक्त कमरे को अंदर से बंद भी कर दिया था. नीचे कमरे में सोयी महिला सुबह जब नमाज पढ़ने ऊपर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद मिला. बहुत कोशिश के बाद भी दरवाजा नहीं खुला. अंत में उसे तोड़ा गया व अंदर का माजरा हैरान कर देनेवाला था. कमरे में पूरा सामान बिखरा पड़ा था. खिड़की का जाली भी निकाल कर अलग की हुई थी. बगल के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरों की करतूत साफ-साफ कैद हुई है. पीड़ितों काे शक है कि घर आने-जानेवालों ने ही इस घटना को अंजाम दिया है. लोगों ने बताया कि इस मुहल्ले में माह में एक-दो बार ही पेट्रोलिंग होती है.
क्या है पूरा मामला : न्यू करीमगंज के रहनेवाले मोहम्मद मजिदउद्दीन रांची के सुधा डेयरी में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं. न्यू करीमगंज में ही उनकी ससुराल है और पत्नी गया मध्य विद्यालय में टीचर हैं. पत्नी व बच्चे घर के ऊपर वाले फ्लोर पर रहते हैं. तीन दिनों से नीचे के कमरे में रहनेवाली उनकी सास बीमार चल रही थीं. मजिदउद्दीन की पत्नी व बेटे रात में नीचे ही साेने आ जाते थे. सुबह जब उनकी पत्नी नमाज के लिए ऊपर के कमरे में गयी, तो देखा कि अंदर से कमरा बंद है. आसपास के लोगों ने कमरे के दरवाजे को तोड़ा अंदर पूरा सामान बिखरा हुआ था. घर में रखे करीब आठ लाख रुपये के गहने, 20 हजार नकदी व अन्य जरूरी सामान गायब थे.
पहले रेकी, उसके बाद की चोरी
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि शनिवार की रात करीब 2: 20 दो युवक घर के पीछे व आगे पहुंच कर पांच-सात मिनट तक देखरेख करते हैं. जब उन्हें पूरा विश्वास हो जाता है कि घर व आसपास में कोई जगा नहीं है, तो तीन लड़के मुंह बांधे पहुंचते हैं और घर के अंदर चले जाते हैं. उसके बाद 4:15 के आसपास घर से सामान लेकर निकलते हैं.
आसपास के लोगों ने बताया कि चोर को यह पूरी जानकारी थी कि घर के ऊपर वाले कमरे में कोई नहीं सोया है. उसके बाद यह भी पता था कि पांच बजे वहां पर घर की महिला नमाज पढ़ने पहुंचती है. दो घंटे तक दो कमरे में चोरों ने चप्पे-चप्पे को खंगाल लिया उसके बाद अंदर से ही दरवाजा बंद कर खिड़की से निकल गये. लोगों का कहना है कि घर की पूरी स्थिति जाननेवाले की मिलीभगत से ही घटना को अंजाम दिया गया है.
क्या कहते हैं सिटी डीएसपी
घटनास्थल पर जांच के लिए पहुंचे सिटी डीएसपी राजकुमार साह ने कहा कि चोरों ने पूरी तौर से रेकी कर घटना को अंजाम दिया है. सीसीटीवी में कुछेक का चेहरा साफ दिख रहा है. पहचानने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि कुछ की पहचान हो गयी है. जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन