Gaya News : हथियार डिलीवरी करने सासाराम से गयाजी आया बदमाश गिरफ्तार, कट्टा बरामद
Published by : Rajeev Kumar Updated At : 26 May 2026 9:11 AM
गिरफ्तार युवक व बरामद हथियार.
Gaya News : आरोपी ने बताया कि कट्टा औरंगाबाद जिले के नगर थाना क्षेत्र के नवाडीह गांव निवासी मोहम्मद शाकिब उर्फ सैडो का है, जो औरंगाबाद जेल में बंद है. उसी के कहने पर पहुंचाने आया था.
Gaya News : बोधगया में तैनात चीता एसटीएफ की टीम ने रविवार देर रात सिकरया मोड़ के पास घात लगाकर अवैध हथियार की डिलीवरी करने पहुंचे एक युवक को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसके पास से एक देसी कट्टा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है.
कार्रवाई का नेतृत्व एसटीएफ के दारोगा मोहम्मद सरफराज आलम कर रहे थे. पूछताछ में गिरफ्तार युवक की पहचान रोहतास जिले के सासाराम नगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 32 स्थित नूरनगंज बौलिया रोड निवासी राजन कुमार गौड़ के रूप में हुई है.
बरामद हथियार रामपुर थाने पुलिस को सौंपा
गिरफ्तार आरोपी और बरामद हथियार को रामपुर थाने की पुलिस को सौंप दिया गया है. इस कार्रवाई में एसटीएफ टीम के दारोगा रागीब सलीम, जवान तैमूर कुमार, मोहम्मद अफजल अली, मुकुल कुमार और अमरदीप कुमार भी शामिल थे.
जेल में बंद आरोपी के कहने पर आया था डिलीवरी देने
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह देसी कट्टा औरंगाबाद जिले के नगर थाना क्षेत्र के नवाडीह गांव निवासी मोहम्मद शाकिब उर्फ सैडो का है, जो फिलहाल औरंगाबाद जेल में बंद है. उसी के कहने पर वह हथियार को उसके एक साथी तक पहुंचाने आया था.
आरोपी शाकिब को रिमांड पर लेगी रामपुर थाना पुलिस, हथियार सप्लाई गिरोह की जांच तेज
हथियार डिलीवरी मामले में गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद शाकिब को लेकर रामपुर थाना पुलिस आगे की कार्रवाई की तैयारी में है. आरोपी फिलहाल औरंगाबाद जेल में बंद है. ऐसे में पुलिस जल्द ही कोर्ट के आदेश पर उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, ताकि हथियार सप्लाई गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की पहचान की जा सके और उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके.
पुलिस का मानना है कि पूछताछ के दौरान इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आ सकते हैं, जिससे गिरोह का खुलासा हो सकेगा.
इधर, गिरफ्तार आरोपी राजन कुमार गौड़ के पास से बरामद मोबाइल फोन के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकालने के लिए तकनीकी सेल की टीम को लगाया गया है. पुलिस सीडीआर के माध्यम से इस मामले में जुड़े अन्य संपर्कों और गतिविधियों की जांच में जुटी हुई है.
हथियार डिलीवरी मामले में प्राथमिकी दर्ज, शाकिब भी नामजद आरोपी
एसटीएफ दारोगा मोहम्मद सरफराज आलम के बयान पर रामपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. इस मामले में गिरफ्तार राजन कुमार गौड़ के साथ-साथ औरंगाबाद जिले के नगर थाना क्षेत्र के नवाडीह गांव निवासी मोहम्मद शाकिब उर्फ सैडो को भी नामजद आरोपी बनाया गया है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों पर अवैध हथियार सप्लाई से जुड़े नेटवर्क में शामिल होने का आरोप है. मामले की जांच के दौरान अन्य कड़ियों को भी खंगाला जा रहा है.
इधर, घटना के बाद रमना मोहल्ले में मृतक के घर के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई. मामले को लेकर इलाके में तनावपूर्ण माहौल देखा गया, हालांकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










