एयर इंडिया की पहली फ्लाइट से आये 73 पैसेंजर, कोलकाता-गया विमान सेवा शुरू

Updated at : 22 Sep 2018 7:02 AM (IST)
विज्ञापन
एयर इंडिया की पहली फ्लाइट  से आये 73 पैसेंजर, कोलकाता-गया विमान सेवा शुरू

बोधगया : गया से कोलकाता विमान से जानेवाले यात्रियों के लिए खुशखबरी. एयर इंडिया ने शुक्रवार को कोलकाता-गया विमान सेवा का शुभारंभ कर दिया. एयर इंडिया का विमान शुक्रवार की सुबह 11:25 बजे कोलकाता से 73 यात्रियों को लेकर गया एयरपोर्ट पहुंचा. इस विमान में गया से यंगून के लिए मात्र दो पैसेंजर सवार हुए, […]

विज्ञापन
बोधगया : गया से कोलकाता विमान से जानेवाले यात्रियों के लिए खुशखबरी. एयर इंडिया ने शुक्रवार को कोलकाता-गया विमान सेवा का शुभारंभ कर दिया. एयर इंडिया का विमान शुक्रवार की सुबह 11:25 बजे कोलकाता से 73 यात्रियों को लेकर गया एयरपोर्ट पहुंचा. इस विमान में गया से यंगून के लिए मात्र दो पैसेंजर सवार हुए, जबकि कोलकाता से यंगून के लिए 26 यात्री सवार हुए थे. इसके साथ अन्य यात्री भी सवार थे.
इस पर्यटन सीजन में एयर इंडिया की कोलकाता से गया के लिए यह पहली उड़ान सेवा थी और इसी के साथ इस सीजन की अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा भी बहाल हो गयी है. अब हर शुक्रवार को एयर इंडिया का विमान कोलकाता से 10:30 बजे गया के लिए उड़ान भरेगा व 11:25 बजे गया एयरपोर्ट पर लैंड करेगा.
इसके बाद 12:05 बजे यंगून के लिए उड़ान भरेगा. यंगून से वापस यह विमान कोलकाता के लिए प्रस्थान कर जायेगा. इसी तरह गया से कोलकाता के लिए हर सोमवार व शनिवार को एयर इंडिया ने विमान सुविधा बहाल कर दी है. इसके तहत सोमवार व शनिवार को कोलकाता से विमान यंगून के लिए उड़ान भरेगा व यंगून से यह विमान सुबह 11:25 बजे गया एयरपोर्ट पर पहुंचेगा. इसके बाद यह विमान 12:05 बजे कोलकाता के लिए प्रस्थान कर जायेगा.
गया एयरपोर्ट पर तैनात एयर इंडिया के एयरपोर्ट मैनेजर अजय कुमार ने बताया कि फिलहाल सोमवार को ही कोलकाता-यंगून-गया-कोलकाता के लिए उड़ान सेवा बहाल है. इसके बाद हर सोमवार व शनिवार को यह सुविधा शुरू कर दी जायेगी. गौरतलब है कि अक्तूबर से लेकर फरवरी तक बोधगया में पर्यटन सीजन माना जाता है. इस दौरान बोधगया में बौद्ध श्रद्धालु व अन्य पर्यटकों का काफी संख्या में आना-जाना होता है. बौद्धों की वार्षिक पूजा भी इसी दौरान आयोजित की जाती है. पिछले साल से बौद्ध धर्मगुरु दलाईलामा का भी प्रति वर्ष बोधगया आना तय हुआ है. इस वर्ष भी दिसंबर में दलाईलामा के बोधगया आने की सूचना है.
एयर इंडिया के दो विमान पहले से दे रहे दिल्ली-गया उड़ान सेवा
एयर इंडिया का विमान हर बुधवार को दिल्ली से सुबह 7:30 बजे उड़ कर सुबह नौ बजे गया पहुंचता है व 9:40 बजे यंगून के लिए प्रस्थान कर जाता है. इसके बाद यह विमान वापस 13:55 बजे गया पहुंचता है व 14:55 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान कर जाता है. शाम करीब 4:25 बजे यात्री दिल्ली पहुंच जाते हैं. वहीं, एयर इंडिया का विमान हर दिन दिल्ली से 12:10 बजे गया के लिए प्रस्थान करता है व 13:40 बजे गया पहुंचने के बाद 14:15 बजे वाराणसी के लिए उड़ान भरता है. करीब 14:50 बजे वाराणसी पहुंचने के बाद 13:35 बजे यह दिल्ली के लिए प्रस्थान कर जाता है. शिड्यूल के मुताबिक शाम 05:10 बजे विमान के दिल्ली पहुंचने का समय है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन