मोबाइल के बजाय परीक्षा केंद्रों पर लगेंगे लैंडलाइन फोन
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :23 May 2018 6:11 AM (IST)
विज्ञापन

गया : जिले के आठ केंद्रों पर तीन जून को यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) होगी. इसमें 2069 परीक्षार्थी भाग लेंगे. यह जानकारी डीएम अभिषेक सिंह ने दी है. उन्होंने बताया कि यह परीक्षा बहुत ही महत्वपूर्ण है और इसकी महत्ता इसी से सिद्ध होती है कि यूपीएससी ने सभी डायरेक्टर को तीन जून को […]
विज्ञापन
गया : जिले के आठ केंद्रों पर तीन जून को यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) होगी. इसमें 2069 परीक्षार्थी भाग लेंगे. यह जानकारी डीएम अभिषेक सिंह ने दी है. उन्होंने बताया कि यह परीक्षा बहुत ही महत्वपूर्ण है और इसकी महत्ता इसी से सिद्ध होती है कि यूपीएससी ने सभी डायरेक्टर को तीन जून को नयी दिल्ली में आयोजित बैठक में बुलाया है.
परीक्षा पूर्वाह्न नौ बजे से अपराह्न 12.30 बजे और अपराह्न 2.30 बजे से 4.30 बजे तक होगी. पूर्वाह्न 9:20 के बाद परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया जायेगा. सभी केंद्राधीक्षकों को ससमय पर फ्रिस्किंग करा लेने का निर्देश दिया. साथ ही परीक्षा कक्ष में पूर्वाह्न 9:00 बजे के बाद ही प्रवेश दिया जायेगा. परीक्षा केंद्र में किसी भी व्यक्ति के पास मोबाइल फोन नहीं रहेगा. संचार व्यवस्था के लिए परीक्षा केंद्र में लैंडलाइन फोन लगवाया जायेगा.
मगध आयुक्त को बनाया गया है प्रेक्षक इस परीक्षा को लेकर मगध आयुक्त जितेंद्र श्रीवास्तव को यूपीएससी के द्वारा प्रेक्षक बनाया गया है. इस बाबत मंगलवार को आयुक्त ने अधिकारियों के साथ बैठक की और कहा कि यह बहुत ही कठिन व निर्णायक परीक्षा है. इस परीक्षा में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.
गया कॉलेज को बनाएं मॉडल सेंटर आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि गया कॉलेज को मॉडल सेंटर के रूप में भी प्रोजेक्ट किया जा सकता है. उन्होंने कॉलेज के प्राचार्य डॉ देवेंद्र कुमार सिन्हा को बैनर, साइनेज इत्यादि लगवाने का भी सुझाव दिया. गया कॉलेज में विगत वर्ष काफी अच्छी व्यवस्था की गयी थी और उसी के अनुरूप अन्य विद्यालयों व महाविद्यालयों में व्यवस्था होनी चाहिए. पानी की व्यवस्था, क्लास रूम में पर्याप्त प्रकाश व बिजली की व्यवस्था करने का निर्देश अधिकारियों को दिया. आयुक्त ने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र में एक नियंत्रण कक्ष बनाया जाये. परीक्षा केंद्र के बाहर सीटिंग अरेंजमेंट फ्रिस्किंग स्थल पर सीटिंग अरेंजमेंट की मैप लगाया जाये. परीक्षा के दौरान सभी पदाधिकारी व कर्मचारी अपना पहचान पत्र साथ रखेंगे.
केंद्र से 150 मीटर दूर रखा जायेगा परीक्षार्थियों का सामान
डीएम ने बताया कि परीक्षार्थी को पेन, पेंसिल और रबर के अलावा कोई भी चीज लाने की अनुमति नहीं है. मोबाइल व पर्स भी परीक्षा केंद्र में ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है. यदि कोई परीक्षार्थी ले जाते हैं, तो केंद्राधीक्षक उसे संग्रह करवा कर परीक्षा केंद्र के डेढ़ सौ मीटर दूर ही रखेंगे. डीएम ने बताया कि महावीर इंटर कॉलेज, अनुग्रह कन्या उच्च विद्यालय, हादी हाशमी स्कूल, गया कॉलेज, एएम कॉलेज, हरिदास सेमिनरी, क्रेन मेमोरियल स्कूल व डीएवी पब्लिक स्कूल में परीक्षा केंद्र बनाया गया है.
मुंबई में घटना से लें सबक
डीएम ने बताया कि अपर समाहर्ता राजकुमार सिन्हा को इस परीक्षा के लिए नोडल पदाधिकारी बनाया गया है. उन्होंने कहा कि इस परीक्षा में सभी चीजों के लिए अलग-अलग कोड निर्धारित किये गये हैं और यह ध्यान देना है कि किसी सेंटर की उत्तर पुस्तिका या प्रश्नपत्र किसी अन्य सेंटर पर न चला जाये. उन्होंने मुंबई का उदाहरण देते हुए कहा कि एक परीक्षा केंद्र का पेपर किसी दूसरे परीक्षा केंद्र पर चला गया था और इसके लिए जिम्मेदार सभी व्यक्तियों पर कार्रवाई की गयी थी. प्रत्येक 24 अभ्यर्थियों पर एक वीक्षक रहेंगे और एक कमरे में कम से कम दो वीक्षक रहेंगे. इस परीक्षा में डाकघर को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गयी है. उन्होंने कहा कि यदि कोई भी कार्य विधि के अनुरूप नहीं संपन्न हो रहा हो, तो इसकी सूचना तुरंत यूपीएससी को दी जायेगी. यूपीएससी उसके अनुरूप अपनी कार्रवाई करेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










