पानी की समस्या से जूझ रही महिलाएं बिफरीं, ट्रेन रोक कर किया प्रदर्शन
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :17 May 2018 5:48 AM (IST)
विज्ञापन

गया : गया रेलवे स्टेशन स्थित पुरानी माल गोदाम कॉलोनी की महिलाओं ने बुधवार गया रेलवे स्टेशन स्थित चार नंबर प्लेटफॉर्म से खुलनेवाली गया-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन को रोक कर प्रदर्शन किया. इस दौरान रेल अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की. इस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन के सदस्य व अधिकारियों ने महिलाओं को समर्थन दिया. महिलाओं ने […]
विज्ञापन
गया : गया रेलवे स्टेशन स्थित पुरानी माल गोदाम कॉलोनी की महिलाओं ने बुधवार गया रेलवे स्टेशन स्थित चार नंबर प्लेटफॉर्म से खुलनेवाली गया-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन को रोक कर प्रदर्शन किया. इस दौरान रेल अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की. इस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन के सदस्य व अधिकारियों ने महिलाओं को समर्थन दिया.
महिलाओं ने गया-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन को रोक कर सहायक मंडल अभियंता के खिलाफ नारेबाजी की. यहीं नहीं, कुछ महिलाएं अपने घर से तसला व बाल्टी लेकर सहायक मंडल अभियंता विक्रम सेठ से पानी मांगने लगीं. महिलाओं ने बताया कि एक महीने से कॉलोनी में पानी की सप्लाई बंद है, लेकिन रेलवे अधिकारियों की ओर से अब तक कोई ध्यान नहीं दिया गया है.उनका कहना था कि लोग पानी के लिए भटक रहे हैं और अफसर इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं.
हर साल एक ही बात कह लौटा देते हैं अफसर
महिलाओं ने बताया कि हर साल गर्मी में पानी की समस्या होती है. हर बार अधिकारियों से पानी के लिए गुहार लगायी जाती है. हर साल एक ही बात कह कर उन्हें लौटा दिया जाता है कि पाइपलाइन में काम हो रहा है. जल्द ही पानी दिया जायेगा. उन्हें हर साल आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिला. अगर आश्वासन के तहत पानी मिल जाता, तो ट्रैक जाम करने की जरूरत ही नहीं पड़ती.
इस संबंध में सहायक मंडल अभियंता विक्रम सेठ ने बताया कि पानी की व्यवस्था करने के लिए वरीय अधिकारियों से बातचीत की जा रही है. जल्द से जल्द पानी की समस्याएं दूर की जायेंगी. उन्होंने बताया कि सुबह में कॉलोनी में पानी के लिए टैंकर भेजा जायेगा.
जाम की सूचना मिलते ही पहुंचे अधिकारी
गया-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन को रोक कर महिलाओं द्वारा रेलवे ट्रैक को जाम करने की सूचना मिलते ही स्टेशन डायरेक्टर पवनीश कट्टल, स्टेशन प्रबंधक बीएन प्रसाद, सहायक मंडल अभियंता विक्रम सेठ, आरपीएफ इंस्पेक्टर विक्रम सेठ सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने में जुट गये. प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि अधिकारी आश्वासन देने के बाद काम करना भूल जाते हैं. अगर समय रहते पानी की व्यवस्था नहीं की गयी, तो उग्र आंदोलन किया जायेगा.
आरपीएफ इंस्पेक्टर ने हटवाया जाम
गया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर बैठे महिलाओं को आरपीएफ इंस्पेक्टर एएस सिद्दीकी व स्टेशन प्रबंधक बीएन प्रसाद ने समझा-बुझा कर मामला को शांत कराया. उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदर्शनकारियों को रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक करा कर समस्या का निदान निकाला जायेगा और पानी की व्यवस्था भी की जायेगी. इस आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने रेलवे ट्रैक से जाम हटाया. 28 मिनट के बाद गया-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन शुरू हुआ.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










